चेन्नई वनडे में भारत की हार में भी हुई कप्तान रोहित शर्मा की जीत! जानिए कैसे
इस एलिट लिस्ट में सचिन तेंदुलकर 21741 रनों के साथ सबसे ऊपर है।
अद्यतन - मार्च 23, 2023 10:30 पूर्वाह्न

भारत को भले ही 22 मार्च को चेन्नई में खेले गए तीसरे और अंतिम वनडे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 21 रनों की हार के साथ 1-2 से घरेलू सीरीज गंवानी पड़ी, लेकिन कप्तान रोहित शर्मा अपने करियर में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करने में कामयाब रहे।
भले ही टीम इंडिया के कप्तान ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ निर्णायक मुकाबलें में बड़ी पारी नहीं खेली, लेकिन 17 गेंदों में 30 रनों की पारी ने उन्हें सचिन तेंदुलकर की एलिट लिस्ट में पहुंचा दिया। दरअसल, रोहित शर्मा एशिया में 10000 या उससे अधिक रन बनाने वाले 8वें भारतीय क्रिकेट बन गए हैं, और इस लिस्ट में वह पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली, एमएस धोनी, सौरव गांगुली और महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के साथ शामिल हो गए।
रोहित शर्मा ने हासिल की एक और उपलब्धि
इस एलिट लिस्ट में सचिन तेंदुलकर 21741 रनों के साथ सबसे ऊपर है। इस बीच, अनुभवी सलामी बल्लेबाज ने अब तक कुल मिलाकर एशियाई उपमहाद्वीप में 247 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 10026 रन बनाए हैं, और इस तरह वह एशिया उपमहाद्वीप में 10000 या उससे अधिक रन बनाने वाले 16वें एशियाई बल्लेबाज भी बन गए हैं।
इस लिस्ट में तेंदुलकर के बाद कुमार संगकारा हैं, जिन्होंने एशिया में 18423 रन बनाए हैं। संगकारा के बाद महेला जयवर्धने (17386), विराट कोहली (14694 *), सनथ जयसूर्या (13757), राहुल द्रविड़ (13497), वीरेंद्र सहवाग (12155), यूनिस खान (12073), इंजमाम-उल-हक (12070), तिलकरत्ने दिलशान (11567), एमएस धोनी (10840), सौरव गांगुली (10709), अरविंद डी सिल्वा (10589), मोहम्मद अजहरुद्दीन (10558) और मोहम्मद यूसुफ (10059) हैं।
आपको बता दें, रोहित शर्मा ने अब तक कुल मिलाकर 49 टेस्ट में 3379 रन, 242 वनडे में 9795 रन और 148 T20I में 3853 रन बनाए हैं। अगर भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया वनडे सीरीज की बात करे तो टीम इंडिया ने पहला मुकाबला पांच विकेट से जीता था, जिसके बाद मेहमान टीम ने जबरदस्त वापसी करते हुए दूसरा और तीसरा मैच क्रमशः दस विकेट और 21 रनों से जीतकर 2-1 से सीरीज अपने नाम की।