IND vs AUS: हैदराबाद में टिकट के लिए पहुंचे हजारों लोग, भगदड़ के बाद 4 को अस्पताल में भर्ती कराया गया
हैदराबाद क्रिकेट संघ (HCA) ने मैच के लिए जिमखाना मैदान पर ऑफलाइन टिकट बेचने का फैसला किया था, लेकिन शायद उन्होंने उम्मीद नहीं की थी कि हजारों लोग यहां टिकट लेने आ पहुंचेंगे।
अद्यतन - सितम्बर 22, 2022 1:54 अपराह्न

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा और आखिरी टी-20 मुकाबला 25 सितंबर को हैदराबाद में खेला जाएगा। इसी के साथ इस मैच के लिए टिकटों की बिक्री शुरू हो चुकी है।
हैदराबाद क्रिकेट संघ (HCA) ने मैच के लिए जिमखाना मैदान पर ऑफलाइन टिकट बेचने का फैसला किया था, लेकिन शायद उन्होंने उम्मीद नहीं की थी कि हजारों लोग यहां टिकट लेने आ पहुंचेंगे। सोशल मीडिया के जरिए यह दावा किया जा रहा था कि लोग सुबह 5 बजे से ही यहां टिकट लेने आ पहुंचे हैं और लाइन लगातार और बढ़ती जा रही है।
तमाम लोग यही उम्मीद कर रहे थे कि जल्द से जल्द टिकट काउंटर खुले और वो लोग टिकट लेकर वापस अपने घर जा सकें, लेकिन कतार लगातार बढ़ती रही। ऐसी भीड़ को संभालना अधिकारियों के लिए अविश्वसनीय रूप से कठिन हो गया जिसके बाद वहां भगदड़ मच गई।
भगदड़ की वजह से 4 लोग हुए चोटिल
लोग सुबह से ही भूखे-प्यासे कतार में लगे हुए थे। कतार लगातार बढ़ती जा रही थी, जिसकी वजह से तमाम लोग आक्रोशित हो गए। देखते ही देखते वहां हंगामा शुरु हो गया और फिर पुलिस को क्रिकेट फैंस पर लाठीचार्ज करना पड़ा। एक सूत्र ने Times Now को बताया कि इस भगदड़ की वजह से 4 लोगों को काफी चोट लगी है और उन्हें तुरंत लोकल अस्पताल ले जाया गया।
यह भी दावा किया गया है कि भगदड़ की वजह से कुछ पुलिस और कुछ लोगों को चोट लगी थी जिसकी वजह से वो वहीं बेहोश हो गए थे।
Complete chaos outside #Secunderabad gymkhana grounds. Crowd in large numbers gathered outside thr ground for purchasing #INDvAUS tickets.
Cops use mild force to control the situation#Hyderabad #HyderabadCricketAssociation pic.twitter.com/e99prQPTTx— Siddharth Kumar Singh (@The_SidSingh) September 22, 2022
भारत सीरीज में 1-0 से पीछे
तीन मुकाबलों की टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला ऑस्ट्रेलिया ने 4 विकेट से अपने नाम किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 208 रन बनाए जिसको ऑस्ट्रेलिया टीम ने 4 गेंदें रहते हुए बना लिया।
दूसरा मुकाबला नागपुर के विदर्भ क्रिकेट स्टेडियम में 23 सितंबर को खेला जाएगा। भारतीय टीम को अगर इस सीरीज में बने रहना है तो इस मुकाबले को जीतना बेहद जरूरी है, वहीं ऑस्ट्रेलिया टीम इस मैच को जीतकर सीरीज को अपने नाम करना चाहेगी।