IND vs ENG 2024: शोएब बशीर ने अपने पहले टेस्ट विकेट और वीजा में देरी को लेकर दिया बड़ा बयान
टेस्ट क्रिकेटर के रूप में अपने पहले दिन शोएब बशीर ने 28 ओवर फेंके और 100 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।
अद्यतन - फरवरी 3, 2024 10:03 पूर्वाह्न

England’s tour of India 2024, IND vs ENG: भारत के खिलाफ विशाखापत्तनम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड के लिए डेब्यू करने वाले युवा ऑफस्पिनर शोएब बशीर (Shoaib Bashir) ने अपने पहले टेस्ट विकेट को “बहुत, बहुत खास” बताया है, जो उन्होंने मैच के पहले दिन कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को सस्ते में आउट कर हासिल किया था। भारतीय कप्तान पहली पारी में केवल 14 रन बना पाए थे।
शोएब बशीर (Shoaib Bashir) ने आगे कहा है कि वीजा मिलने में हुई लंबी देरी ने उनके डेब्यू को और भी ज्यादा यादगार बना दिया है। आपको बता दें, टेस्ट क्रिकेटर के रूप में अपने पहले दिन बशीर ने 28 ओवर फेंके और 100 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। उन्होंने अपने चौथे ओवर में रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को लेग स्लिप पर कैच आउट किया और अंतिम सेशन में अक्षर पटेल को बैकवर्ड पॉइंट पर कैच आउट कराया। भारत ने पहले दिन के खेल का अंत 336/6 के स्कोर पर किया।
Rohit Sharma स्पिन के दमदार खिलाड़ी हैं: Shoaib Bashir
इस बीच, शोएब बशीर ने 20 साल की उम्र में केवल छह प्रथम श्रेणी मैच खेलने के बाद टेस्ट क्रिकेटर बनने के बारे में पूछे जाने पर टॉकस्पोर्ट को बताया: “अगर आप मुझे यह दो साल पहले बताते, तो मैं हंसता। मेरी डेब्यू टेस्ट कैप प्राप्त करना एक बहुत ही खास पल था और मेरे लिए रोहित शर्मा के रूप में अपना पहला विकेट लेना बहुत ही खास था। वह स्पिन के दमदार खिलाड़ी हैं।
मैं इस पल के लिए भगवान और अपने परिवार का बहुत आभारी हूं। उन्होंने हर उतार-चढ़ाव में मेरा साथ दिया है। मेरी जर्नी में बहुत उतार-चढ़ाव आए, और उन्होंने हर उतार-चढ़ाव में मेरा साथ दिया है, इसलिए मैं उन्हें धन्यवाद देना चाहता हूं।”
“यह देरी मेरे डेब्यू को और अधिक यादगार बनाती है”
इस बीच, बशीर को अपने माता-पिता के पाकिस्तान से ताल्लुक रखने के कारण वीजा प्राप्त करने में देरी हुई, और वह हैदराबाद में पहले टेस्ट के चौथे दिन ही भारत पहुंच सके। युवा ऑफ-स्पिनर को अबू धाबी में इंग्लैंड के ट्रेनिंग कैंप के बाद उन्हें वापस यूके जाना पड़ा, और उन्हें डेब्यू के लिए दूसरे टेस्ट का इंतजार करना पड़ा।
बशीर ने अंत में कहा: “मुझे हमेशा से पता था कि मुझे वीजा मिलेगा। मुझे इससे कुछ परेशानियां हुईं, लेकिन देखिए, अब हम यहां हैं और मैंने डेब्यू भी कर लिया है और आज का दिन बहुत खास है। यह देरी मेरे डेब्यू को और अधिक यादगार बनाती है। हां, मुझे इसमें थोड़ी परेशानी हुई, लेकिन अब भारत आना और अपना टेस्ट डेब्यू करना अविश्वसनीय है।”