IND vs ENG: राजकोट में हार के बाद केविन पीटरसन ने भारत के बैटिंग ऑर्डर पर उठाए सवाल, दे दिया ऐसा बयान
पूर्व इंग्लिश क्रिकेटर केविन पीटरसन ने भारतीय बल्लेबाजी क्रम को लेकर सवाल उठाए।
अद्यतन - Jan 29, 2025 12:12 pm

भारत को इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के तीसरे मैच में 26 रन से हार का सामना करना पड़ा। मेजबान टीम 172 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 9 विकेट खोकर 145 रन ही बना पाई। मैच के बाद पूर्व इंग्लिश क्रिकेटर केविन पीटरसन ने भारतीय बल्लेबाजी क्रम को लेकर सवाल उठाए हैं।
पीटरसन ने कहा कि ऐसा ही कुछ उन्हें SA20 में भी देखने को मिला जहां डरबन सुपर जायंट्स के साथ भी ऐसी ही चीजें हो रही हैं। क्विंटन डी कॉक और हेनरिक क्लासेन निचेल क्रम में बल्लेबाजी के लिए उतर रहे हैं और टीम को अच्छा रिजल्ट नहीं मिल रहा है।
भारत की बैटिंग ऑर्डर को लेकर केविन पीटरसन ने दिया यह बयान
इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में 8वें ओवर में तिलक वर्मा का विकेट गिरने के बाद वाशिंटन सुंदर को ध्रुव जुरेल की जगह पांचवें नंबर पर भेजा गया। सुंदर स्ट्रगल करते हुए नजर आए और 15 गेंदों में सिर्फ 6 रन बना पाए। सुंदर के आउट होने के बाद अक्षर पटेल को भेजा गया लेकिन वह भी संघर्ष करते हुए 15 गेंदों में सिर्फ 16 रन ही बना पाए।
ध्रुव जुरेल तब बैटिंग करने के लिए आए तब पारी की सिर्फ 16 गेंदें बाकी थी। हार्दिक ने परिस्थितियों को और ज्यादा खराब बनाते हुए सिंगल लेने से मना कर दिया। हार्दिक फिर 19वें ओवर में 40 रन और ध्रुव आखिरी ओवर में 2 रन बनाकर आउट हो गए।
केविन पीटरसन ने स्टार स्पोर्ट्स पर बात करते हुए कहा,
“मुझे बल्लेबाजी क्रम भी पसंद नहीं आया। मैं ऐसा व्यक्ति हूं जो मानता है कि आपके सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों को टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी करनी चाहिए। मैं पिछले हफ्ते साउथ अफ्रीका में था, और डरबन सुपर जायंट्स टूर्नामेंट में एक बहुत ही चौंकाने वाला खेल खेल रहे थे। क्विंटन डी कॉक 3 या 4 पर बल्लेबाजी कर रहे थे, और हेनरिक क्लासेन 6 या 7 पर बल्लेबाजी कर रहे थे। मैंने इन लोगों से पूछा, ‘आप ऐसा क्यों कर रहे हैं?'”
“आपने आज शाम को यहां भी यही होते देखा है। ध्रुव जुरेल जैसे खिलाड़ी, जो एक बहुत अच्छे और निपुण बल्लेबाज हैं, को लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन के कारण नीचे उतारा जा रहा है। हार्दिक थोड़ा संघर्ष कर रहे हैं, और इन बल्लेबाजों पर 10 रन प्रति ओवर की दर से रन बनाने का इतना दबाव नहीं था।”