भारतीय टीम इस बात से खुश होगी कि उन्हें एशिया कप में शाहीन अफरीदी का सामना नहीं करना पड़ेगा: आकिब जावेद
इन दोनों टीमों के बीच आखिरी मुकाबला टी-20 वर्ल्ड कप 2021 में खेला गया था जिसमें पाकिस्तान ने 10 विकेट्स से जीत दर्ज की थी। शाहीन अफरीदी ने इस मुकाबले में पूरी तरह से भारतीय टीम के टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों को तहस-नहस कर दिया था।
अद्यतन - Aug 27, 2022 5:04 pm

पाकिस्तान टीम के पूर्व तेज गेंदबाज आकिब जावेद का मानना है कि भारतीय टीम इस बात से काफी खुश होगी कि उन्हें एशिया कप 2022 में शाहीन अफरीदी का सामना नहीं करना पड़ेगा। बता दें, घुटने में लगी चोट की वजह से शाहीन अफरीदी को पूरे टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया है। उनकी जगह मोहम्मद हसनैन को टीम में शामिल किया गया है।
इन दोनों टीमों के बीच आखिरी मुकाबला टी-20 वर्ल्ड कप 2021 में खेला गया था जिसमें पाकिस्तान ने 10 विकेट्स से जीत दर्ज की थी। शाहीन अफरीदी ने इस मुकाबले में पूरी तरह से भारतीय टीम के टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों को तहस-नहस कर दिया था। उनके इस प्रदर्शन की वजह से उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड से सम्मानित किया गया।
हालिया समय में भी ऐसा देखा गया है कि बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों के सामने भारतीय टीम के बल्लेबाजों का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है। उन्होंने रीस टॉप्ले और ओबेड मैकॉय के खिलाफ भी काफी खराब प्रदर्शन किया है।
जियो के साथ बातचीत करने के दौरान आकिब जावेद ने कहा कि, ‘भारत को काफी आराम मिल रहा होगा। शाहीन अफरीदी और मोहम्मद आमिर ने उनके खिलाफ काफी शानदार प्रदर्शन किया है जिससे वो काफी घबराए हुए हैं। वो लोग तब ही मुकाबले हारेंगे अगर उनके टॉप ऑर्डर बल्लेबाज खराब प्रदर्शन करेंगे। विराट कोहली भी इस समय फॉर्म के बाहर हैं और अगर एक तरफ से लगातार विकेट्स गिरते रहेंगे तो दबाव के चलते कोहली भी अपना विकेट गंवा देंगे।
वकार यूनुस ने भी पहले यह बात कही थी कि अफरीदी के ना होने की वजह से भारतीय टीम को काफी आराम होगा
बता दें, इससे पहले भी पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज वकार यूनुस ने कहा था कि, शाहीन अफरीदी के ना होने से भारतीय टीम को काफी आराम मिल रहा होगा। श्रीलंका के खिलाफ खेले जा चुके टेस्ट मुकाबले में शाहीन अफरीदी के घुटने में चोट लगी थी और वो इस चोट से उबर नहीं पाए।
भारतीय टीम के उप-कप्तान केएल राहुल से जब हाल ही में हुई प्रेस कांफ्रेंस में यह पूछा गया कि शाहीन अफरीदी के टूर्नामेंट में ना खेले जाने से आपको कैसा लग रहा है तो उन्होंने कहा कि, ‘अगर वह खेले होते तो यह बहुत ही अच्छा अनुभव होता लेकिन वो चोटिल होने की वजह से इस टूर्नामेंट में नहीं खेल रहे हैं।