मुझे लगता है कि रोहित शर्मा टी-20 वर्ल्ड कप तक दिनेश कार्तिक का समर्थन करेंगे: मोहम्मद कैफ
मोहम्मद कैफ के मुताबिक पंत को टी-20 क्रिकेट में जो मौके मिले हैं उसे वो पूरी तरह से भुना नहीं पाए हैं।
अद्यतन - सितम्बर 4, 2022 8:25 अपराह्न

भारत के पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद कैफ का मानना है कि रोहित शर्मा इस साल के अंत में ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 विश्व कप 2022 तक दिनेश कार्तिक का समर्थन करेंगे। कैफ के मुताबिक पंत को टी-20 क्रिकेट में जो मौके मिले हैं उसे वो पूरी तरह से भुना नहीं पाए हैं, वहीं दिनेश कार्तिक ने हालिया समय में टी-20 क्रिकेट में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है।
बता दें, एशिया कप 2022 के अपने पहले मुकाबले में भारत ने ऋषभ पंत की जगह दिनेश कार्तिक को प्लेइंग XI में जगह दी थी। हांगकांग के खिलाफ मुकाबले में इन दोनों खिलाड़ियों को प्लेइंग XI में शामिल किया गया था। अब जब रवींद्र जडेजा चोटिल होने की वजह से इस टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं तो तमाम विशेषज्ञों का यह मानना है कि कार्तिक की जगह पंत को टीम में शामिल करना चाहिए क्योंकि टीम को मिडिल ऑर्डर में एक बाएं हाथ के बल्लेबाज की बेहद जरूरत है।
मोहम्मद कैफ ने स्पोर्ट्सकीड़ा से बात करते हुए कहा कि, ‘ऋषभ पंत के IPL और टेस्ट में काफी अच्छे आंकड़े है। वनडे में भी वो अच्छा खेल रहे हैं। उन्होंने इंग्लैंड में शतक जड़ा था और भारतीय टीम को मुकाबला भी जिताया था। लेकिन टी-20 क्रिकेट में उनका स्ट्राइक रेट इतना अच्छा नहीं है।’
https://youtu.be/a5cxSHs__wE
उन्होंने आगे कहा कि, ‘पंत को ओपनिंग में भी मौका मिला था लेकिन उसमें भी वो जल्दी आउट हो गए। मुझे लगता है कि वर्ल्ड कप तक रोहित शर्मा ऋषभ पंत से ज्यादा दिनेश कार्तिक का साथ देंगे।’
टी-20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के दो मुख्य खिलाड़ी होंगे हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव: मोहम्मद कैफ
हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव को लेकर मोहम्मद कैफ ने कहा कि, ‘भारत के टॉप 3 बल्लेबाज रोहित शर्मा, केएल राहुल और विराट कोहली हमेशा खबरों में रहेंगे क्योंकि वो काफी शानदार खिलाड़ी हैं। लेकिन हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव टीम के मुख्य खिलाड़ी होंगे।
यह दोनों खिलाड़ी मैच जिताऊ हैं और इन्हें दबाव में अच्छा प्रदर्शन करना आता है। पांड्या को पता है कि गंभीर समय में अच्छा प्रदर्शन कैसे करना है और यह हमने ग्रुप स्टेज मुकाबले में भी देखा। उन्होंने आखिरी ओवर में मोहम्मद नवाज के खिलाफ छक्का जड़ भारतीय टीम को जीत दिलाई। नवाज को भी आखिरी ओवर में दबाव महसूस हो रहा था क्योंकि पांड्या क्रीज पर मौजूद थे।