हार्दिक पांड्या ने छक्के के साथ जीताया भारत को मैच, लेकिन चर्चा में हैं दिनेश कार्तिक! जानिए क्यों
हार्दिक पांड्या को उनके मैच जिताऊ ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
अद्यतन - अगस्त 29, 2022 11:19 पूर्वाह्न

भारत और पाकिस्तान के बीच 28 अगस्त को दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया एशिया कप 2022 का दूसरा मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। इस मैच में दोनों एशियाई टीमों ने दर्शकों का जमकर मनोरंजन किया, लेकिन अंत में हार्दिक पांड्या भारत के लिए मैच जीत कर ले गए।
जीत के लिए 148 रनों का पीछा करते हुए एक समय टीम इंडिया की पारी लड़खड़ा गई थी, खासकर विराट कोहली (35) और सूर्यकुमार यादव (18) के विकेट के बाद, लेकिन पिक्चर अभी बाकी थी, जहां हार्दिक पांड्या (33*) और रवींद्र जडेजा (35) ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए करोड़ो फैंस की उम्मीदों को अंतिम ओवर तक जिंदा रखा।
दिनेश कार्तिक ने बल्ले के साथ हार्दिक पांड्या के प्रयासों को सराहा
दोनों भारतीय ऑलराउंडरों ने 50 से अधिक रनों की साझेदारी करते हुए पाकिस्तानी गेंदबाजों को घुटने टेकने के लिए मजबूर कर दिया। हालांकि, मोहम्मद नवाज ने आखिरी ओवर में रवींद्र जडेजा को आउट कर भारतीय खेमे में चिंता की लहर दौड़ा दी, लेकिन हार्दिक पांड्या मैदान में डटे रहे और छक्के के साथ भारत के पक्ष में यह मुकाबला समाप्त किया।
आपको बता दें, रवींद्र जडेजा के विकेट के बाद भारत को अंतिम पांच गेंदों में सात रनों की जरुरत थी, जिसके बाद दिनेश कार्तिक ने अंतिम ओवर की दूसरी गेंद पर सिंगल लिया और हार्दिक पांड्या को स्ट्राइक दी, जिन्होंने तीसरी डॉट बॉल पर सिंगल लेने से मना करते हुए गजब का आत्मविश्वास दिखाया।
हालांकि, हार्दिक पांड्या का स्ट्राइक को न छोड़ने का फैसला सही साबित हुआ, क्योंकि स्टार ऑलराउंडर ने अंतिम ओवर की चौथी गेंद पर छक्का लगाकर भारत को मैच जीता दिया, जिससे न केवल स्टेडियम में मौजूद फैंस झूम उठे, बल्कि दिनेश कार्तिक भी पांड्या के कायल हो गए। जैसे ही पांड्या ने मैच फिनिश किया, कार्तिक ने उनके सम्मान में अपना सिर झुकाते हुए उन्हें सलाम किया, जो इस समय सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
यहां देखिए दिल को छू लेने वाला वीडियो –
#INDvsPAK pic.twitter.com/8RPPBRwr85
— Alter EGO | Sanju (@me_sanjureddy) August 28, 2022
आपको बता दें, हार्दिक पांड्या ने पाकिस्तान के खिलाफ चार चौको और एक छक्के की मदद से 17 गेंदों में नाबाद 33 रनों की पारी खेली, और साथ ही अपने चार ओवरों में 25 रन देकर तीन विकेट झटके, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। भारत का एशिया कप 2022 में अब अगला मुकाबला हांगकांग के साथ 31 अगस्त को है।