भारत से हार के बाद पूरी टीम पर भड़के मोहम्मद रिजवान, बोले- "बार-बार वही गलती दोहरा..." - क्रिकट्रैकर हिंदी

भारत से हार के बाद पूरी टीम पर भड़के मोहम्मद रिजवान, बोले- “बार-बार वही गलती दोहरा…”

पाकिस्तान को भारत के खिलाफ 6 विकेट से हार झेलनी पड़ी।

Mohammad Rizwan (Photo Source: Getty Images)
Mohammad Rizwan (Photo Source: Getty Images)

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के पांचवें मुकाबले में पाकिस्तान को भारत के हाथों 6 विकेट से शर्मनाक हार झेलनी पड़ी। टीम टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 49.4 ओवरों में 241 पर सिमट गई थी। इसके जवाब में टीम इंडिया ने 42.3 ओवरों में ही लक्ष्य का पीछा कर शानदार जीत हासिल की। विराट कोहली ने करियर का 51वां वनडे शतक लगाते हुए 100 रन की नाबाद पारी खेली।

पाकिस्तान के खिलाफ जीत के बाद टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है। दूसरी ओर, मेजबान पाकिस्तान लगभग बाहर हो गई है, यह टीम की लगातार दूसरी हार है। टीम को अब बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले मुकाबले पर निर्भर रहना होगा और किसी भी कीमत पर ग्रुप स्टेज के आखिरी मैच में जीत दर्ज करनी होगी।

हालांकि, मोहम्मद रिजवान ने भी यह मान लिया है कि जारी टूर्नामेंट में उनकी टीम का सफर अब खत्म हो चुका है। भारत से हार के बाद पाकिस्तानी कप्तान ने बड़ा बयान दिया है, जो सुर्खियां बटोर रहा है।

हमें दूसरे मैचों के रिजल्ट पर निर्भर रहना होगा- मोहम्मद रिजवान

मोहम्मद रिजवान ने भारत के खिलाफ मैच के बाद पोस्ट मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस पर बात करते हुए कहा,

हां, मैं कहूंगा कि हमारा सफर खत्म हो गया है, यह सच है। अगला मैच, बांग्लादेश न्यूजीलैंड के साथ क्या करता है और न्यूजीलैंड भारत के साथ क्या करता है। हम क्या करते हैं? यह एक लंबी जर्नी है। हमें दूसरे मैचों के रिजल्ट पर निर्भर रहना होगा। एक कप्तान के तौर पर मुझे यह सिनैरियो (दूसरी टीमों पर निर्भर रहना) पसंद नहीं है। अगर हम अपने दम पर कुछ कर सकते तो बात अलग होती। हम न्यूजीलैंड और भारत के खिलाफ अपनी हार को स्वीकार करते हैं, लेकिन दूसरे रिजल्ट पर नजर नहीं रखना चाहते।”

मोहम्मद रिजवान और सऊद शकील के बीच तीसरे विकेट के लिए 104 रन की साझेदारी हुई थी, लेकिन इसके बावजूद टीम 241 पर ऑलआउट हो गई। बैटिंग के बाद बॉलिंग में भी टीम का प्रदर्शन खराब रहा। अबरार अहमद ही सबसे किफायती गेंदबाज रहे, जिन्होंने 10 ओवर में 28 रन देकर एक विकेट चटकाया। इनके अलावा सारे गेंदबाज काफी महंगे साबित हुए।

“हां, हम निराश हैं, क्योंकि हार एक मुश्किल दिन लेकर आती है, मुश्किल चीजों का सामना करना पड़ता है और कई सवाल होते हैं। अबरार अहमद की गेंदबाजी पॉजिटिव साइन है, लेकिन हमने तीनों डिपार्टमेंट में गलतियां कीं। ईमानदारी से कहूं तो हमने वही गलतियां कीं जो हम पिछले तीन-चार मैचों से कर रहे हैं,”

“हम उन पर काम कर रहे हैं, लेकिन कमतर साबित हो रहे हैं। भारत ने शायद हमसे ज्यादा मेहनत की और बहादुरी दिखाई। हममें बहादुरी की कमी थी और हम मैदान में कमतर साबित हुए।”

close whatsapp