श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच को लेकर भारतीय टीम से कुलदीप यादव की हुई छुट्टी तो इस खिलाड़ी को किया गया शामिल
अक्षर पटेल अब पूरी तरह से फिट घोषित कर दिए गए हैं, जिसके बाद वह टीम से जुड़ने के लिए तैयार हैं।
CricTracker जूनियर स्टाफ लेखिका
अद्यतन - Mar 7, 2022 10:18 pm

भारत और श्रीलंका के बीच में खेली जा रही 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने पारी और 222 रनों से शानदार जीत दर्ज करते हुए सीरीज का बेहतरीन तरीके से आगाज किया। जिसमें अब टीम की नजर 12 मार्च से बेंगलुरु के मैदान पर होने वाली सीरीज के दूसरे और आखिरी टेस्ट मैच में भी इस तरह से जीत दर्ज करने पर होगी।
दूसरे टेस्ट मैच को लेकर भारतीय टीम में एक बदलाव भी किया गया है, जिसमें कुलदीप यादव की जगह पर आलराउंडर अक्षर पटेल को टीम के साथ जोड़ने का फैसला हुआ है। दरअसल अक्षर पिछले काफी समय से अनफिट होने की वजह से टीम का हिस्सा नहीं बन पा रहे थे, लेकिन अब वह पूरी तरह से फिट हो चुके हैं, जिसके बाद उनको लेकर यह फैसला किया गया है।
इससे पहले जब श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए 2 हफ्तों पहले टीम का चयन किया गया था, तो उस समय अक्षर पटेल को लेकर यह जानकारी दी गई थी कि वह रिहैब की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं और पहले टेस्ट मैच को लेकर चयन के लिए उपलब्ध नहीं होंगे।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) का बयान जो क्रिकबज्ज में छपा उसके अनुसार, अक्षर पटेल अभी रिहैब की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं और पहले टेस्ट मैच के चयन को लेकर उपलब्ध नहीं होंगे। जिसके बाद दूसरे टेस्ट मैच से पहले उनके चयन को लेकर विचार किया जाएगा।
कुलदीप यादव ने साल 2021 में खेला था अपना आखिरी टेस्ट मैच
वहीं दूसरी तरफ कुलदीप यादव को लेकर बात की जाए तो उन्होंने भारतीय टीम के लिए अपना पिछला टेस्ट मैच साल 2021 की फरवरी में खेला था। अभी तक कुलदीप यादव को 7 टेस्ट मैच खेलने का मौका मिला है, जिसमें उन्होंने 26 विकेट झटके हैं। वहीं इस दौरान उनका औसत 23.85 का रहा है, इसमें उन्होंने 2 बार पारी में 5 विकेट लेने का कारनामा भी किया है।
श्रीलंका के खिलाफ मोहाली में खेले गए पहले टेस्ट मैच को लेकर बात की जाए तो वह पूरी तरह से रॉकस्टार रवींद्र जडेजा के नाम रहा। जिन्होंने पहले बल्ले से शानदार नाबाद 175 रनों की पारी खेली। वहीं इसके बाद उन्होंने मैच में कुल 9 विकेट झटकते हुए टीम को पारी और 222 रनों से जिताने में अहम भूमिका अदा की। जडेजा को उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ दी मैच का खिताब भी दिया गया।
यहां पर देखिए दूसरे टेस्ट मैच को लेकर भारतीय टीम:
रोहित शर्मा (कप्तान), प्रियांक पांचाल, मयंक अग्रवाल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, हनुमा विहारी, शुभमन गिल, रिषभ पंत (विकेटकीपर), केएस भारत, रवींद्र जडेजा, जयंत यादव, रवि अश्विन, अक्षर पटेल, सौरभ कुमार, मोहम्मद सिराज, उमेश यादव, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह (उप-कप्तान)।