IND vs WI 2nd test: चौथे दिन का खेल हुआ समाप्त, हार की कगार पर वेस्टइंडीज
दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी वेस्ट इंडीज की टीम 10 विकेट के नुकसान पर मात्र 255 रन ही बना सकी।
अद्यतन - Jul 24, 2023 10:48 am

भारत और वेस्टइंडीज के बीच त्रिनिदाद में चौथा टेस्ट मैच खेला जा रहा है। इस मुकाबले में भारतीय टीम बेहद मजबूत स्थिति में नजर आ रही है। बता दें टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने पहली पारी में 10 विकेट के नुकसान पर 438 रन बनाए।
वहीं दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी वेस्ट इंडीज की टीम 10 विकेट के नुकसान पर मात्र 255 रन ही बना सकी। वहीं तीसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 2 विकेट के नुकसान पर 181 रन बनाकर पारी घोषित कर दी और वेस्टइंडीज को जीत के लिए 365 रन का लक्ष्य दिया। बता दें भारत की ओर से सबसे अच्छी बल्लेबाजी ईशान किशन ने की। उन्होंने 34 गेंदों का सामना कर 52 रन बनाए।
ईशान किशन ने खेली शानदार पारी
दरअसल उनका यह टेस्ट क्रिकेट में पहला अर्धशतक है क्योंकि ईशान किशन ने इस सीरीज से भारत के लिए टेस्ट डेब्यू किया है। वहीं वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में शुभमन गिल का प्रदर्शन कुछ खास अच्छा नहीं रहा लेकिन दूसरे टेस्ट मैच के दूसरी पारी में वह 37 गेंदों का सामना कर 29 रन बनाकर नाबाद लौटे।
वहीं चौथे दिन के खेल खत्म होने तक वेस्ट इंडीज की टीम ने 2 विकेट के नुकसान पर 76 रन बना लिए हैं। दरअसल चौथे दिन का खेल भी बारिश के कारण बाधित रहा। वहीं वेस्टइंडीज की शुरुआत भी चौथे दिन अच्छी नहीं हुई। दरअसल कैरिबियाई टीम ने अपने दो विकेट जल्दी जल्दी खो दिए। ये दोनों ही विकेट रविचंद्रन अश्विन ने झटके।
बता दें अश्विन ने वेस्टइंडीज की दूसरी पारी के 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर कप्तान क्रेग ब्रेथवेट को आउट कर पवेलियन भेजा। उन्होंने 52 गेंदों का सामना कर 28 रन बनाए। वहीं 20वें ओवर की आखिरी गेंद पर अश्विन ने किर्क मैकेंजी को एल्बीडब्ल्यू आउट किया और पवेलियन का रास्ता दिखाया। वह खाता भी नहीं खोल सके। फिलहाल चौथे दिन के खेल समाप्त होने तक तेजनारायण चंद्रपॉल और जरमेन ब्लैकवुड क्रीज पर मौजूद हैं। इस मुकाबले को जीतने के लिए वेस्टइंडीज की टीम को 289 रनों की जरूरत है।