ZIM vs IND: दीपक चाहर पहले वनडे मुकाबले में थोड़े घबराए हुए थे: मोहम्मद कैफ
दीपक चाहर ने पहले वनडे मुकाबले में 7 ओवरों में 27 रन देकर 3 विकेट्स चटके।
अद्यतन - अगस्त 19, 2022 2:22 अपराह्न

18 अगस्त को हरारे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जा चुके पहले वनडे मुकाबले में भारत ने जिंबाब्वे को 10 विकेट्स से मात दी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिंबाब्वे टीम ने 40.3 ओवरों में सभी विकेट्स खोकर 189 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान रेगिस चकाब्वा ने 35 रनों की बहुमूल्य पारी खेली। वहीं भारतीय टीम की ओर से दीपक चाहर ने 7 ओवरों में 27 रन देकर 3 विकेट्स चटके।
उनके इस प्रदर्शन की वजह से उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड से भी नवाजा गया। बता दें, चाहर जो पिछले काफी लंबे समय से चोटिल होने की वजह से टीम से बाहर रहे थे उनकी इस मुकाबले में शानदार वापसी हुई। उनके अलावा अक्षर पटेल ने 7.3 ओवरों में 24 रन देकर 3 विकेट्स झटके वहीं प्रसिद्ध कृष्णा ने 8 ओवरों में 50 रन देकर 3 विकेट्स हासिल किए।
सोनी स्पोर्ट्स में बातचीत के दौरान मोहम्मद कैफ ने चाहर के बारे में कहा कि, ‘वो शुरुआत में थोड़े घबराए हुए थे। उन्होंने अपने स्पेल की पहली गेंद फुल टॉस फेंकी। शुरुआती 2 ओवर इतने अच्छे नहीं रहे और उन्हें अपना पहला विकेट अपने चौथे ओवर में मिला।
उन्होंने आगे कहा कि, ‘उन्होंने अपने शुरुआती दो-तीन ओवरों में फुल टॉस, वाइड और यॉर्कर तीनों ही अलग-अलग गेंदें फेंकी लेकिन शुरूआत में वो घबराए हुए थे। चोटिल होने की वजह से उन्होंने लगभग 6 महीने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की है। उन्होंने फरवरी में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला था।
दीपक चाहर को उनका पहला विकेट छोटी गेंद पर मिला: मोहम्मद कैफ
मोहम्मद कैफ ने आगे कहा कि, ‘उन्होंने काफी अच्छी वापसी की। हमने काफी अच्छी स्विंग गेंदें भी देखी। उन्हें अपना पहला विकेट छोटी गेंद पर मिला। उसके बाद उन्होंने गेंद को आगे ही रखा।
उन्होंने आगे कहा कि जिंबाब्वे के ओपनर इनोसेंट काइया को जब दीपक चाहर ने छोटी गेंद फेंकी तो उन्हें भी नहीं मालूम था कि वो यह गेंद फेंकेंगे इसलिए वो इस गेंद को अच्छी तरह से पढ़ नहीं पाए और आउट हो गए। दीपक ने भी अपने अनुभव का पूरा इस्तेमाल किया।
जवाब में भारतीय टीम ने बिना विकेट खोए 30.5 ओवरों में ही 190 रन के लक्ष्य को हासिल कर लिया। शिखर धवन ने 81* और शुभमन गिल ने 82* रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली।