Team India Squad for Hong Kong Sixes

Hong Kong Sixes टूर्नामेंट के लिए हुआ टीम इंडिया का ऐलान, इस प्लेयर को बनाया गया कप्तान

रॉबिन उथप्पा की अगुवाई में मनोज तिवारी, नदीम, गोस्वामी, बिन्नी, जाधव और चिपली को टीम में शामिल किया गया है

(Photo Source: X)
Hong Kong Sixes (Photo Source: X)

भारत के पूर्व क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा को हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस 2024 टूर्नामेंट के लिए टीम इंडिया का कप्तान बनाया गया है। 12 अक्टूबर को इसका ऐलान किया गया कि उथप्पा 1 से 3 नवंबर तक होने वाले सिक्स-ए-साइड टूर्नामेंट में केदार जाधव, मनोज तिवारी और स्टुअर्ट बिन्नी सहित पूर्व भारतीय स्टार प्लेयर्स की टीम का नेतृत्व करेंगे।

2017 के बाद पहली बार वापसी कर रहे हांगकांग क्रिकेट सिक्सेज़ में 12 देश के क्रिकेट के जाने-माने क्रिकेटर प्रतिस्पर्धा करेंगे। प्रत्येक टीम 6 प्लेयर्स के साथ मैच खेलेगी, जिसमें छोटी पारी और अधिक आक्रामक गेम-प्ले के साथ क्रिकेट के रोमांचक ब्रांड का प्रदर्शन किया जाएगा। भारत ने टूर्नामेंट के लिए अपनी टीम की घोषणा कर दी है और अनुभवी खिलाड़ियों से भरी टीम से फैंस को उम्मीदें काफी अधिक हैं।

भारत और पाकिस्तान के अलावा इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली टीमें ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, इंग्लैंड, हांगकांग, नेपाल, न्यूजीलैंड, ओमान, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका और संयुक्त अरब अमीरात हैं। हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस 2024 इस टूर्नामेंट का 20वां संस्करण होगा और सात साल के अंतराल के बाद इसकी वापसी हो रही है।

पहली बार यह टूर्नामेंट 1992 में खेला गया था, वहीं आखिरी संस्करण 2017 में हुआ था जब साउथ अफ्रीका चैंपियन बना था। मैच तीनों दिन सुबह 8:30 बजे से शाम 6 बजे तक खेले जाएंगे। टूर्नामेंट के लिए टिकट भी जारी कर दिए गए हैं, जिनकी कीमत पहले दिन 150 डॉलर, दूसरे दिन 250 डॉलर और तीसरे दिन 350 डॉलर है। तीनों दिनों के लिए प्रत्येक टिकट की कीमत 580 डॉलर है।

हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस: टीम इंडिया का पूरा स्क्वॉड:

रॉबिन उथप्पा (कप्तान), केदार जाधव, स्टुअर्ट बिन्नी, मनोज तिवारी, शाहबाज़ नदीम, भरत चिपली, श्रीवत्स गोस्वामी (विकेटकीपर)

क्या है हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस?

हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस एक इंटरनेशनल टूर्नामेंट है, जिसे आईसीसी की मान्यता प्राप्त है। इस टूर्नामेंट में 8 से 12 टीमें हिस्सा लेती हैं। इसमें विकेट-कीपर को छोड़कर हर गेंदबाज को एक ओवर करना होता है। जिस वजह से ऑलराउंडर के लिए यह टूर्नामेंट ज्यादा अहम माना जाता है। इंग्लैंड ने सबसे ज्यादा 5 बार इस टूर्नामेंट को जीता है। वहीं भारत 2005 में चैंपियन बना था।

मैच छह खिलाड़ियों की दो टीमों के बीच खेले जाते हैं, जिसमें एक पारी में 5 ओवर होते हैं। हालांकि, फाइनल मैच में एक ओवर 8 गेंदों का होता है। यदि 5 ओवर समाप्त होने से पहले 5 विकेट गिर जाते हैं, तो अंतिम बल्लेबाज बल्लेबाजी करेगा और पांचवां बल्लेबाज रनर की भूमिका निभाएगा। जो बल्लेबाज आउट नहीं होता है, उसे हर समय स्ट्राइक पर रहना होगा और उसके आउट होते ही पारी समाप्त हो जाएगी।

close whatsapp