IND vs PAK: भारत बनाम पाकिस्तान सभी लड़ाइयों की मां है: नवजोत सिंह सिद्धू
चैंपियंस ट्राॅफी में भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला 23 फरवरी को खेला जाएगा।
अद्यतन - फरवरी 20, 2025 9:18 अपराह्न

इस समय क्रिकेट फैंस को जारी चैंपियंस ट्राॅफी में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जाने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले का इंतजार है। गौरतलब है कि दोनों टीमों के बीच यह मैच 23 फरवरी को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पर खेला जाएगा।
दूसरी ओर, इस मैच से पहले क्रिकेट के जानकार और पूर्व खिलाड़ियों द्वारा लगातार बयानबाजी की जा रही है। तो वहीं, अब इस क्रम में नया नाम पूर्व भारतीय क्रिकेटर और जाने-माने क्रिकेट कमेंटेटर नवजोत सिंह सिद्धू (Navjot Singh Sidhu) का जुड़ गया है। शैरी पाजी के उपनाम से विख्यात सिद्धू ने भारत-पाकिस्तान प्रतिस्पर्धा को सभी प्रतिस्पर्धा की मां करार दिया है।
Navjot Singh Sidhu ने दिया बड़ा बयान
बता दें कि हाल में ही जियो हाॅटस्टार पर एक चर्चा के दौरान नवजोत सिंह सिद्धू ने भारत-पाक मैच को लेकर कहा- यह सभी लड़ाइयों की मां है, इससे बड़ा कुछ नहीं है। मुझे लगता है कि यह तनाव ही है जो सभी को एक साथ रखता है।
जब 150 करोड़ लोग आपसे जीत की उम्मीद करते हैं, तो वे हार कभी नहीं पचा पाएंगे। यह प्रतिशोध की संस्कृति है। यह खेल हाथों के बजाय कानों के बीच अधिक खेला जाता है। यह एक मनोवैज्ञानिक लड़ाई है। चारों ओर बहुत सारी घबराहट भरी ऊर्जा है, लेकिन जो पक्ष इसे सकारात्मक ऊर्जा में बदल देगा वही पक्ष जीतेगा।
सिद्धू ने आगे कहा- एक क्रिकेटर के लिए भारत-पाकिस्तान मैच एक सुनहरा मौका होता है, खासकर युवाओं के लिए। यह हमेशा से मेरा सपना था। मैच से पहले, मैं रात को सो नहीं पाता था, मैं अपने प्रदर्शन के बारे में सोचता था और यह भी सोचता था कि मैं इस मौके को कैसे गंवा सकता हूँ।
भले ही मैंने पिछले पांच या छह मैचों में अच्छा प्रदर्शन नहीं किया हो, लेकिन अगर मैंने भारत-पाकिस्तान मैच में अच्छा प्रदर्शन किया, तो सब कुछ माफ कर दिया जाएगा। यह दर्शाता है कि प्रतिस्पर्धा कितनी बड़ी है।