न सिराज, न शमी, पूर्व पाक गेंदबाज ने बताया कौनसा गेंदबाज वर्ल्ड कप में मचाएगा तबाही
14 अक्टूबर को खेला जाएगा भारत-पाकिस्तान के बीच महामुकाबला।
अद्यतन - सितम्बर 28, 2023 6:41 अपराह्न

वर्ल्ड कप 2023 के शुरू होने में अब लगभग एक हफ्ते का वक्त बाकी रह गया है। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वकार यूनिस ने कुछ बड़े बयान दिए हैं। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज वकार यूनिस ने इन दिनों क्रिकेट में हाई-स्कोरिंग मुकाबलों को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अब वनडे में 350 और 400 रन बनना आम बात हो गया है और ये स्कोर चेज भी हो जाते हैं।
आपको बता दें कि, ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ राजकोट में खेले गए तीसरे वनडे मैच के दौरान 350 से ज्यादा रन बना दिए। इससे पहले इंदौर में खेले गए दूसरे वनडे में भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 399 रन बना दिए थे। वहीं साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच हाल ही में खेली गई वनडे सीरीज के दौरान भी काफी हाई-स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिले थे।
स्टार स्पोर्ट्स पर बातचीत के दौरान वकार यूनिस से हाई-स्कोरिंग मुकाबलों को लेकर सवाल पूछा गया। इसके जवाब में उन्होंने कहा, शुक्र है अल्लाह का कि मैं इस वक्त नहीं खेल रहा हूं। मैंने अपने करियर में खेलते वक्त कभी 400 वाला स्कोर नहीं देखा था लेकिन अब तो ये आम बात है। ऐसा नहीं है कि ये स्कोर बन गया तो चेज नहीं हो सकता है। इसे चेज भी किया जा रहा है। 350 वाले स्कोर भी आज कल खतरे में रहते हैं। इस बार वर्ल्ड कप भारत में हो रहा है तो मुझे लगता है कि गेंदबाजों के लिए यह आसान नहीं होगा।
इन दो गेंदबाजों पर होंगी सभी की निगाहें- वकार यूनिस
इसके साथ ही पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज वकार यूनिस ने बताया कि आगामी वर्ल्ड कप में वो कौन से ऐसे गेंदबाज हैं जो काफी जबरदस्त प्रदर्शन कर सकते हैं। वकार यूनिस के मुताबिक वर्ल्ड कप के दौरान सभी लोगों की निगाहें शाहीन शाह अफरीदी और जसप्रीत बुमराह के ऊपर रहेगी।
वकार यूनिस से पूछा गया कि इस वर्ल्ड कप में सबसे बेस्ट गेंदबाज कौन हो सकता है। इस सवाल के जवाब में वकार ने दो गेंदबाजों का नाम लिया। उन्होंने कहा कि, कुछ गेंदबाज ऐसे हैं जिन्होंने इस वक्त वनडे क्रिकेट में अपना आतंक फैलाकर रखा है। एशिया कप में जिस तरह से जसप्रीत बुमराह ने गेंदबाजी की और उसके अलावा शाहीन शाह अफरीदी एक ऐसे गेंदबाज हैं जो नई गेंद से विकेट चटकाने में माहिर हैं।
शाहीन की जो गेंद अंदर आती है वो काफी प्रभावशाली होती है। इसलिए मैं एक गेंदबाज का चयन नहीं कर सकता। मेरे लिए शाहीन शाह अफरीदी और जसप्रीत बुमराह वो दो तेज गेंदबाज होंगे जिनके ऊपर सभी की निगाहें होंगी।
यह भी पढ़ें: मोईन खान ने नसीम शाह के कंधे की चोट के लिए PCB और मेडिकल टीम को जिम्मेदार ठहराया