BCCI के महिला क्रिकेटरों के समान वेतन के फैसले से खुश हैं अफगानिस्तान के पूर्व कप्तान असगर अफगान
भारत चाहता है कि उनकी महिला टीम पूरे विश्व में अपना दबदबा बनाए: असगर अफगान
अद्यतन - अक्टूबर 28, 2022 1:02 अपराह्न

हाल ही में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव जय शाह ने कहा कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम को पुरुष क्रिकेट टीम जितनी ही वेतन मिलेगी। यानी की अब दोनों ही टीमों को हर मैच की बराबर फीस मिलेगी। बता दें, केंद्रीय अनुबंध के मुताबिक महिला क्रिकेटरों को अब एक टेस्ट के लिए 15 लाख रुपए, वनडे के लिए 6 लाख रुपए और टी-20 के लिए 3 लाख रुपए मिलेंगे।
BCCI सचिव ने कहा कि हम अब लैंगिक समानता के एक नए युग में एंट्री कर रहे हैं। ऐसे में इस पॉलिसी के तहत अब से महिला और पुरुष दोनों के लिए ही समान मैच फीस रहेगी। बता दें, इससे पहले महिला टीम को एक वनडे खेलने के लिए एक लाख और टी-20 मैच खेलने के लिए 2.5 लाख रुपए मिलते थे।
इसी को लेकर अफगानिस्तान के पूर्व कप्तान असगर अफगान ने अपना पक्ष सबके सामने रखा है। उनके मुताबिक BCCI द्वारा यह बहुत ही अच्छी पहल है और इससे तमाम युवा महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलेगा।
भारत चाहता है कि उनकी महिला क्रिकेट टीम विश्व में दबदबा बनाए: असगर अफगान
BCCI के इस फैसले से तमाम लोग खुश हैं। सभी का यही कहना है कि यह पहल महिला क्रिकेट को एक अलग ही मुकाम पर पहुंचाएगी। पिछले कुछ सालों में भारतीय महिला टीम ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। इसी साल इंग्लैंड में हुए राष्ट्रमंडल खेलों में उन्होंने रजत पदक अपने नाम किया। यही नहीं भारतीय महिला टीम ने इस बार के महिला एशिया कप को भी अपने नाम किया।
असगर अफगान ने क्रिकट्रैकर शो रन की रननीति में कहा कि, ‘भारत की संस्कृति का मानना है कि महिलाएं अधिक क्रिकेट खेले। ऐसा इसलिए भी क्योंकि भारत में क्रिकेट के खूब प्रशंसक हैं और वो यही चाहते हैं कि सबको एक समान अधिकार मिले। साथ ही भारत चाहता है कि उनकी महिला टीम पूरे विश्व में अपना दबदबा बनाए जैसे पुरुष टीम ने अच्छा क्रिकेट खेलते हुए बनाया है। BCCI के इस फैसले से मैं बहुत ही खुश हूं।’
इसके अलावा महिला IPL को लेकर भी BCCI ने बड़ा फैसला लिया था। बोर्ड ने यह फैसला लिया है कि अगले साल यानी 2023 को इस शानदार टूर्नामेंट का पहला संस्करण खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट को लेकर बोर्ड तमाम पुरुष IPL की फ्रेंचाइजियों के मालिकों से बात कर रही है।