महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2023 को जीतने की भारतीय टीम प्रबल दावेदार है: आकाश चोपड़ा
दोनों टीमों के बीच 12 फरवरी को केपटाउन में मुकाबला खेला जाएगा।
अद्यतन - Feb 12, 2023 2:00 pm
![]()
पूर्व खिलाड़ी आकाश चोपड़ा का मानना है कि भारतीय टीम महिला टी-20 विश्व कप के अपने पहले मैच में पाकिस्तान के खिलाफ प्रबल दावेदार के रूप में शुरुआत करेगी। बता दें, इन दोनों टीमों के बीच 12 फरवरी को केपटाउन में मुकाबला खेला जाएगा।
भारत की ओर से सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना की उंगली में चोट लग गई है और वो इस मैच में खेलती हुई नजर नहीं आएगी, वहीं कप्तान हरमनप्रीत कौर का भी खेलना इस मुकाबले में काफी मुश्किल लग रहा है।
मुकाबले को लेकर आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल में एक वीडियो साझा की जिसमें उन्होंने कहा कि, ‘यह भारत और पाकिस्तान का वर्ल्ड कप मुकाबला है। कोई मुकाबला हार जाइए लेकिन इस मुकाबले को नहीं और इसे हम हारेंगे भी नहीं। हमारी टीम काफी मजबूत है। भारत शुरुआत से ही प्रबल दावेदार मानी जा रही है लेकिन आप किसी भी मुकाबले को हल्के में नहीं ले सकते और वैसे भी यह भारत-पाकिस्तान मुकाबला है।’
रेणुका सिंह ठाकुर के ऊपर काफी बड़ी चुनौती होगी: आकाश चोपड़ा
भारतीय टीम की गेंदबाजी को लेकर चोपड़ा ने कहा कि, ‘जब गेंदबाजी की बात आती है तो भारत के पास रेणुका सिंह ठाकुर है। जब आप दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान के खिलाफ खेल रहे होते हैं तो आप चाहते हैं कि उन्हें स्विंग गेंद पर आउट करें। बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों के ऊपर भी हमारा ध्यान होगा।’
देविका वैद्य को लेकर भारतीय पूर्व खिलाड़ी ने आगे कहा कि, ‘ स्पिन डिपार्टमेंट में आप राजेश्वरी गायकवाड और देविका वैद्य को देखेंगे। मुझे देविका से काफी उम्मीदें हैं क्योंकि उनके पास कुछ खास चीज है। उन्होंने लगभग क्रिकेट छोड़ दिया था लेकिन उसके बाद शानदार वापसी की और उसके बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा। वो कमाल की गेंदबाज हैं। दक्षिण अफ्रीका की पिचों में उन्हें ज्यादा मदद नहीं मिलेगी लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में उनसे उम्मीदें लगाई जा सकती हैं।’