AUSW vs INDW: दूसरे वनडे में 122 रनों से बड़ी हार के बाद, भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गंवाई सीरीज
जारी वनडे सीरीज का दूसरा मैच आज 8 दिसंबर को ब्रिसबेन में खेला गया।
अद्यतन - Dec 8, 2024 3:33 pm

भारतीय महिला क्रिकेट टीम इस समय तीन मैचों की वनडे सीरीज ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है। तो वहीं इस सीरीज का दूसरा मैच आज 8 दिसंबर, रविवार को दोनों टीमों के बीच एलन बाॅर्डर फील्ड, ब्रिसबेन में खेला गया। बता दें कि इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ 122 रनों से बड़ी जीत हासिल की है।
मुकाबले की बात की जाए तो ऑस्ट्रेलियाई टीम ने टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 50 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 371 रन बनाए। टीम के लिए सलामी बल्लेबाज पोएब लिचफील्ड ने 60 रनों की पारी खेली, तो जाॅर्जिया वाॅल ने 101 रनों की पारी खेली।
इसके बाद अनुभवी ऑलराउंडर एलिस पैरी ने भी 75 गेंदों में 7 चौके और 6 छक्के की मदद से 105 रनों की बेहतरीन शतकीय पारी खेली। साथ ही विकेटकीपर बेथ मूनी ने भी 56 रनों का अहम योगदान दिया।
हालांकि, इसके बाद जब भारतीय टीम 372 रनों के मजबूत टारगेट का पीछा करने उतरी, तो वह 44.5 ओवरों में सिर्फ 249 रन ही बना पाई। भारतीय टीम के लिए ऋचा घोष ही 54 रनों की बेस्ट पारी खेल पाई। लेकिन कप्तान हरमनप्रीत कौर (38) और जेमिमा राॅड्रिग्स (43) को अच्छी शुरुआत मिली, पर वो बड़ी पारी नहीं खेल पाई। तो वहीं ओपनर स्मृति मंधाना सिर्फ 9 रन बनाकर सस्ते में आउट हो गई।
हरमनप्रीत कौर ने हार ने दिया बड़ा बयान
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में हार के बाद, हरमनप्रीत कौर ने पोस्ट मैच के दौरान एनडीटीवी के हवाले से कहा- हमें बीच-बीच में कुछ साझेदारियां मिलीं, हमारी मानसिकता सकारात्मक थी, लेकिन हम मैच में कुछ रन से पीछे रह गए।
हरमन ने आगे कहा- हमने कुछ मौके बनाए लेकिन उन्हें भुना नहीं सके, हमें उन्हें (ऑस्ट्रेलिया महिला टीम) इसका श्रेय देना चाहिए कि उन्होंने कैसी बल्लेबाजी की। हमें अपनी योजनाओं के बारे में सोचने की जरूरत है कि हम अगले मैच में कैसी गेंदबाजी करेंगे। हमें पूरे 50 ओवर बल्लेबाजी करने की जरूरत है, हमें बेहतर प्लानिंग के साथ अगले मैच में आना होगा।