“वे अगर मुझसे कुछ पूछना चाहते हैं तो…..”- विराट और रोहित को लेकर बोले टीम इंडिया के नए बैटिंग कोच
पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं विराट और रोहित।
अद्यतन - Jan 28, 2025 12:32 pm

टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं। उनके हालिया फॉर्म को देखते हुए भारत के नए बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक उनकी मदद के लिए आगे आए हैं। वह चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए टीम की तैयारी में लगे आलोचनाओं से घिरे अनुभवी रोहित शर्मा और विराट कोहली के साथ काम करने के लिए उत्सुक हैं।
सितांशु कोटक ने एनसीए और भारत ए स्तर पर काफी काम किया है। न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत की टेस्ट सीरीजओं में लगातार हार के बाद उन्हें भारतीय टीम की बल्लेबाजी इकाई का प्रभार दिया गया है। ऐसे में अब सभी के मन में ये बात होगी कि, कोटक के बैटिंग कोच बनने से अब भारतीय बल्लेबाजों के फॉर्म में सुधार आए।
Sitanshu Kotak ने Virat Kohli और Rohit Sharma को लेकर दिया बड़ा बयान
सितांशु कोटक ने राजकोट में मीडिया ने कहा, ‘‘रोहित और विराट बहुत अनुभवी खिलाड़ी हैं लेकिन इस टीम (टी20) में जो खिलाड़ी हैं, शानदार हैं। मेरा काम यह समझने की कोशिश करने के बारे में कि खिलाड़ी अपने खेल की योजना कैसे बना रहे हैं, उनकी सोच क्या है और हम किस तरह से उनके खेल में कुछ जोड़ सकते हैं। मैं इसी तरह सोचता हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं अगर किसी खिलाड़ी के खेल में दो या पांच प्रतिशत भी जोड़ सका तो यह बड़ी बात होगी। उन्होंने जितना क्रिकेट खेला है और जिस तरह का प्रदर्शन किया है उसे देखते हुए यह कहना अनुचित नहीं होगा। मेरे लिए भी उनसे सीखने को बहुत सी बातें हो सकती हैं।’’ कोटक ने कहा कि समय आने पर वह दोनों दिग्गज खिलाड़ियों से बात करेंगे। सौराष्ट्र के इस पूर्व खिलाड़ी ने कहा, ‘‘यह खेल इसी तरह चलता है, आपको दूसरों के विचारों को सुनने और सीखने के लिए तैयार रहना होगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘वे (रोहित और कोहली) अगर मुझसे कुछ पूछना चाहते हैं तो मेरे दिमाग में कुछ चीजें हैं और मैं इसे कहूंगा लेकिन यह सही समय पर होना चाहिए। उन्हें यह महसूस करना चाहिए कि वे इसके लिए तैयार हैं।’’ बीसीसीआई ने कोटक की नियुक्ति को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है लेकिन उनका कार्यकाल कम से कम इंग्लैंड के खिलाफ जून में होने वाली पांच टेस्ट मैचों की सीरीज तक रहने की संभावना है।