एंकल इंजरी के चलते चेन्नई सुपर किंग्स टीम का हिस्सा ऑलराउंडर मोईन अली अगले कुछ मुकाबलों से रह सकते हैं, बाहर
मुंबई इंडियंस के खिलाफ पिछले मुकाबले में मोईन अली को CSK ने ड्रॉप किया था।
CricTracker जूनियर स्टाफ लेखिका
अद्यतन - अप्रैल 25, 2022 6:25 अपराह्न

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के पिछले सीजन की विजेता टीम चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए IPL 2022 का सीजन उम्मीद के अनुसार अब तक नहीं रहा। जिसमें टीम ने अब तक खेले 7 मुकाबलों में से सिर्फ 2 में ही जीत हासिल की जबकि उसे 5 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं अब यह खबर भी सामने आ रही है कि ऑलराउंडर खिलाड़ी मोईन अली अभ्यास सत्र के दौरान अपने एंकल को चोटिल कर बैठे।
जिसके चलते वह अगले कुछ मैचों से बाहर रह सकते हैं। वहीं इससे पहले टीम को दीपक चाहर और एडम मिल्ने के तौर पर 2 बड़े झटके लग चुके हैं, जो चोटिल होने की वजह से पूरी सीजन के लिए बाहर हो गए हैं। बता दें कि मुंबई इंडियंस के खिलाफ 23 अप्रैल को हुए मुकाबले के दौरान CSK ने मोईन अली को ड्रॉप करने का फैसला किया था, जिसमें उनकी जगह पर मिचल सेंटनर को मौका दिया गया था।
ईएसपीएन क्रिकइंफो के अनुसार CSK की टीम अभी मोईन अली के एंकल की स्कैन रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे बाद ही पूरी स्थिति साफ हो सकेगी कि आखिर वह कितने मैचों से बाहर रहेंगे। लेकिन यह बात लगभग साफ है कि मोईन अली अगले कुछ मैचों में खेलते हुए नहीं दिखने वाले हैं। CSK की टीम को अपना अगला मुकाबला पंजाब किंग्स के खिलाफ 25 अप्रैल को खेलना है।
जिसमें मोईन अली खेलते हुए नहीं दिखाई देंगे यह तय हो चुका है, ऐसे में पिछले मुकाबले में टीम खेले स्पिनर मिचल सेंटनर के साथ टीम आगे भी जारी रखना चाहेगी जो गेंदबाजी के अलावा नंबर-3 पर बल्लेबाजी के एक बेहतर विकल्प भी हैं। मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले में सेंटनर ने 16 रन देकर 1 विकेट लेने के साथ बल्ले से 11 रन भी बनाए थे।
मोईन अली अभी तक इस सीजन में काफी संघर्ष करते हुए दिखाई दिए
IPL 2022 का सीजन मोईन अली के अभी तक वैसे भी कुछ खास नहीं रहा जिसमें वह गेंद और बल्ले दोनों से उस तरह का प्रभावशाली प्रदर्शन करने में कामयाब नहीं हो सके। इस सीजन में मोईन अली को कुल 5 मुकाबले खेलने का मौका मिला है, जिसमें बाएं हाथ के इस ऑलराउंडर खिलाड़ी ने 17.40 के औसत से सिर्फ 87 रन बनाए हैं।
वहीं गेंदबाजी को लेकर बात की जाए तो मोईन ने इस सीजन में कुल 8 ओवर फेंके जिसमें वह एक भी विकेट हासिल करने में कामयाब नहीं हो सके हैं। हालांकि सीजन के बाकी बचे मैचों में मोईन अली टीम के लिए एक भूमिका जरूर अदा कर सकते हैं।