LSG के खिलाफ हार के बाद CSK टीम के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा ‘मुंबई के मैदान में नियाग्रा फॉल के पानी जैसे गिर रही थी ओस’
गत-विजेता चेन्नई सुपर किंग्स को IPL 2022 के सीजन में अपने शुरुआती दोनों ही मैचों में हार का सामना करना पड़ा है।
CricTracker जूनियर स्टाफ लेखिका
अद्यतन - Apr 1, 2022 5:51 pm

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 के सीजन में गत-विजेता चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए अभी तक शुरुआत बिल्कुल भी अच्छी नहीं कही जा सकती है। जिसमें टीम को सीजन के पहले मैच में जहां कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ एकतरफा हार का सामना करना पड़ा था। वहीं इसके बाद मुंबई के ब्रेब्रोन स्टेडियम में टीम को अपने दूसरे मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने मात दी।
जहां KKR के खिलाफ मुकाबले में बल्लेबाजों ने निराशाजनक प्रदर्शन किया था, जिसके चलते CSK की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर खड़ा करने में कामयाब नहीं सकी थी। वहीं दूसरे मुकाबले में LSG के खिलाफ टीम के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 200 से अधिक का स्कोर बनाया लेकिन इस बार गेंदबाज उस उम्मीद के अनुसार प्रदर्शन करने में कामयाब नहीं हुए और टीम को एक और करारी हार का सामना करना पड़ा।
जिसके बाद सीजन के शुरुआती दोनों मुकाबलों में हार का सामना करने के बाद टीम के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने ओस को इसका बड़ा कारण बताया है। जिसमें उनके अनुसार ओस की वजह से गेंदबाज बिल्कुल भी उम्मीद के अनुसार प्रदर्शन करने में कामयाब नहीं हो सके। जिसमें स्टीफन फ्लेमिंग ने मुंबई की ओस की तुलना नियाग्रा फॉल में गिरने वाले पानी के समान कर दी।
स्पिन गेंदबाजी पूरी तरह मैच से बाहर हो जाती है
LSG के खिलाफ हार का सामना करने के बाद स्टीफन फ्लेमिंग ने होस्ट ब्रॉडकास्टर से बात करते हुए अपने बयान में कहा कि, यदि आप देखेंगे तो स्पिन गेंदबाजी इस मैच की शुरुआत से ही खत्म हो गई, क्योंकि यहां पर नियाग्रा फॉल के पानी की तरह ओस गिर रही थी और इसी कारण LSG की टीम बेहतर बल्लेबाजी करने में कामयाब हो सकी।
इसी कारण स्पिन गेंदबाजों के लिए गेंद को ग्रिप करना बेहद मुश्किल हो गया था और वह मैच में किसी तरह से अपना योगदान देने में कामयाब नहीं हो सके। हम शुरुआत से ही ऐसा रनरेट रखना चाहते थे, जिससे उन्हें और तेजी के साथ रन बनाने की कोशिश करनी पड़े लेकिन हम इसमें थोड़ा सा पीछे रह गए।
फ्लेमिंग ने आगे अपने बयान में कहा कि, मुझे ऐसा लगता है कि इस सीजन में ओस एक अहम भूमिका निभाने जा रही है, क्योंकि अभी तक खेले गए 7 मुकाबलों में से सिर्फ 1 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को जीत हासिल हो सकी।