IPL 2022: पंजाब किंग्स (PBKS) पर भड़के हरभजन सिंह, वजह हैं भानुका राजपक्षा!
हरभजन सिंह आईपीएल 2022 में पंजाब किंग्स (PBKS) की रणनीति से खुश नहीं हैं!
अद्यतन - अप्रैल 22, 2022 4:03 अपराह्न

भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर और कमेंटेटर हरभजन सिंह ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ पंजाब किंग्स (PBKS) की बड़ी हार के बाद फ्रेंचाइजी के टीम चयन पर सवाल खड़े किए हैं। जारी आईपीएल 2022 (IPL 2022) में अपने पिछले मैच में पंजाब किंग्स (PBKS) को दिल्ली कैपिटल्स (DC) के हाथों नौ विकेट की करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी।
इस मैच में जॉनी बेयरस्टो को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने के लिए पंजाब किंग्स (PBKS) ने फॉर्म में चल रहे भानुका राजपक्षा को दरकिनार कर दिया, जिससे पूर्व भारतीय स्पिनर बहुत भड़के हुए है। उन्होंने श्रीलंकाई बल्लेबाज को प्लेइंग इलेवन से बाहर करने के लिए पंजाब किंग्स (PBKS) की जमकर खिंचाई की है।
प्रतिष्ठा के लिए फॉर्म में चल रहे बल्लेबाज को बाहर करना असंगत है: हरभजन सिंह
हरभजन सिंह ने कहा पंजाब किंग्स (PBSK) को फॉर्म में चल रहे भानुका राजपक्षा को प्लेइंग इलेवन से ड्रॉप नहीं करना चाहिए था। आपको बता दें, भानुका राजपक्षा ने तीन नंबर पर शानदार बल्लेबाजी की और पंजाब किंग्स (PBSK) को पावरप्ले में बेहतरीन शुरूआत दिलाते हुए केवल तीन मैचों में 230.56 के स्ट्राइक रेट से 83 रन बनाए हैं। जबकि इंग्लैंड के विकेटकीपर-बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो ने चार मैचों में केवल 41 रन बनाए हैं।
स्पोर्ट्सकीड़ा के SK Straight Talk शो पर हरभजन सिंह ने कहा: “आपको कभी ऐसे खिलाड़ी को बाहर नहीं करना चाहिए जो फॉर्म में है। जब कोई खिलाड़ी आपके लिए अच्छा प्रदर्शन कर रहा है, और आप उसे केवल प्रतिष्ठा के लिए ताकि जॉनी बेयरस्टो को जगह दी जा सके टीम से बाहर कर दें और मान ले कि इंग्लिश बल्लेबाज रन बनाएगा, तो यह गलत है और यह तरकीब काम नहीं करेगी। जब भी कोई खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहा हो, तो आपको उसके साथ बने रहने, उसे खिलाने की जरूरत है, भले ही कोई सीनियर खिलाड़ी बाहर क्यों न बैठा हो, क्योंकि आपको पहले टीम के बारे में सोचने की जरूरत है।”
हरभजन सिंह ने यह भी कहा हैं कि पंजाब किंग्स (PBKS) के बल्लेबाजों के जारी आईपीएल 2022 (IPL 2022) में इतने असंगत होने का कारण समय की जरूरत पर ध्यान दिए बिना आक्रामक क्रिकेट खेलने की फ्रेंचाइजी की रणनीति है। उन्होंने कहा फ्रेंचाइजी को अपनी इस रणनीति पर गौर करना चाहिए।
पंजाब किंग्स (PBKS) की रणनीति से खुश नहीं हैं हरभजन सिंह
41-वर्षीय पूर्व क्रिकेटर ने आगे कहा: “पंजाब ऐसे ब्रांड का क्रिकेट खेल रहा है, जहां बल्लेबाज बस आक्रामक होकर खेलने की कोशिश कर रहे है भले ही वे पॉवरप्ले में दो या तीन विकेट गवां दे। जब भी आप विकेट गंवाते हैं तो समझदारी भरी बल्लेबाजी के जरिए साझेदारी करने की जरूरत होती है, जो वे इस समय नहीं कर रहे हैं।”
हरभजन सिंह ने अंत में कहा: “पंजाब को अपनी पारी के लिए एक एंकर खोजने की जरूरत है। शिखर धवन वह भूमिका कर सकते हैं, क्योंकि उनके अलावा बाकी सभी बल्लेबाज छक्के लगाते नजर आते हैं। खेल की बुनियादी बातों को न भूलें, क्योंकि केवल छक्के नहीं, बल्कि सिंगल या डबल रन भी टी-20 क्रिकेट का हिस्सा हैं।”