'अगर वो धोनी के फैन हैं तो उन्हें उनसे सीखना चाहिए'- पंत को लेकर सहवाग का बयान - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘अगर वो धोनी के फैन हैं तो उन्हें उनसे सीखना चाहिए’- पंत को लेकर सहवाग का बयान

ऋषभ पंत ने अभी तक चल रहे आईपीएल 2022 में एक भी अर्धशतक नहीं बनाया है।

Virender Sehwag and Rishabh Pant
Virender Sehwag and Rishabh Pant. (Photo Source: Twitter)

दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत मौजूदा आईपीएल 2022 में अब तक अपने बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं कर पाए हैं, उन्होंने इस सीजन आठ मैचों में 154.10 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 188 रन बनाए हैं, जिसमें उनका उच्चतम स्कोर 41 है। कुछ मैचों में उन्हें अच्छी शुरुआत जरूर मिली है लेकिन उसे वो बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर पाए हैं।

इस बीच, भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने आगे आकर कहा कि पंत को अब बड़ी पारी खेलनी होगी क्योंकि दिल्ली कैपिटल्स का मध्यक्रम इस सीजन बुरी तरह से फ्लॉप रहा है और यह उनके लिए चिंता का विषय रहा है। इसके अलावा, उन्होंने यह भी कहा कि एक एमएस धोनी के फैन के रूप में, युवाओं को सीखना चाहिए कि मैच को कैसे खत्म किया जाए।

ऋषभ पंत को लेकर वीरेंद्र सहवाग ने दिया बड़ा बयान

वीरेंद्र सहवाग ने क्रिकबज पर बातचीत करते हुए कहा कि, “ऋषभ पंत डीसी के लिए महत्वपूर्ण खिलाड़ी होंगे। भले ही सलामी बल्लेबाज अच्छा करें फिर भी उनके लिए मिडिल ऑर्डर में आकर रन बनाना महत्वपूर्ण है। अगर पंत एमएस धोनी के फैन हैं तो उन्हें उनसे सीखना चाहिए। पंत में अंतिम ओवर में 20-25 रन बनाने की क्षमता है, लेकिन उसके लिए उन्हें आखिरी ओवर तक क्रीज पर खड़े रहना होगा।”

राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ डीसी के आखिरी मैच के दौरान पंत सभी गलत कारणों से चर्चा में थे, जब मैदानी अंपायरों के एक विवादास्पद फैसले के बाद खेल को थोड़ी देर के लिए रोक दिया गया था क्योंकि उन्होंने ऊंचाई के लिए नो-बॉल का इशारा नहीं किया था। युवा कप्तान पंत ने बल्लेबाजों को तुरंत मैदान छोड़ने के लिए कह कर अंपायर के इस फैसले का विरोध किया। मैच के बाद आचार संहिता को तोड़ने के लिए जुर्माने के तौर पर उन्हें अपनी पूरी मैच फीस चुकानी पड़ी।

इस सीजन दिल्ली कैपिटल्स के प्रदर्शन की बात करें तो अब तक 7 मुकाबलों में से मात्र 3 में जीत दर्ज की है, जबकि 4 मैच हारे हैं। डीसी अंक तालिका में 6 पॉइंट्स के साथ 7वें पायदान पर है और उनका रनरेट +0.715 का है।

close whatsapp