IPL 2022: देखिए वीडियो- अपने आईपीएल डेब्यू मैच पर क्या बोले यश दयाल, हार्दिक पांड्या का भी किया जिक्र - क्रिकट्रैकर हिंदी

IPL 2022: देखिए वीडियो- अपने आईपीएल डेब्यू मैच पर क्या बोले यश दयाल, हार्दिक पांड्या का भी किया जिक्र

यश दयाल ने अपने आईपीएल डेब्यू मैच का प्रदर्शन अपने माता-पिता को समर्पित किया।

Yash Dayal. (Photo Source: IPL/BCCI)
Yash Dayal. (Photo Source: IPL/BCCI)

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के जारी 15वें सीजन में युवा खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से खूब धूम मचा रखी है। फिर चाहे वह तिलक वर्मा, आयुष बदोनी, या अभिनव मनोहर हो, इन नए सितारों ने अपने डेब्यू सीजन में खूब सुर्खियां बटोरी है। अब इस लिस्ट में तेज गेंदबाज  यश दयाल का नाम भी जुड़ गया है।

यश दयाल ने गुजरात टाइटन्स (GT) के साथ 14 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ अपना आईपीएल (IPL) डेब्यू किया था। अपने डेब्यू मैच में बाएं-हाथ के तेज गेंदबाज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट चटकाए और गुजरात टाइटन्स (GT) की राजस्थान रॉयल्स (RR) पर 37 रनों की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ताल्लुक रखने वाले तेज गेंदबाज ने पहले देवदत्त पडिक्कल को चलता किया और फिर रस्सी वैन डेर डूसन और युजवेंद्र चहल को अपना शिकार बनाया। गुजरात टाइटन्स (GT) के तेज गेंदबाज ने राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ अपने चार ओवरों में मात्र में 40 रन देकर तीन विकेट झटके थे।

यश दयाल ने हार्दिक पांड्या की तारीफ की

जारी आईपीएल 2022 (IPL 2022) में अपने डेब्यू मैच के बारे में बात करते हुए 24-वर्षीय यश दयाल ने बताया कि वह अपने डेब्यू मैच को लेकर काफी नर्वस थे, लेकिन उन्हें इस बात की बेहद खुशी हैं कि वह गुजरात टाइटन्स (GT) के कप्तान हार्दिक पांड्या ने उन्हें जो काम सौंपा था उसे अच्छी तरह से अंजाम दे पाए।

यश दयाल ने आईपीएल वेबसाइट पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा, “मैं जिस तरह की पृष्ठभूमि से आता हूं, यह मेरे लिए बहुत बड़ी बात है। यह मेरे और मेरे परिवार के लिए गर्व का क्षण था। मैं थोड़ा नर्वस था, लेकिन मैंने इसे कंट्रोल कर लिया। डेब्यू मैच में मेरा अनुभव अच्छा रहा। मैं अपना प्रदर्शन अपने माता-पिता को समर्पित करना चाहता हूं, क्योंकि मेरे इस मुकाम तक पहुंचने में उनका बहुत बड़ा योगदान हैं।”

उन्होंने आगे बताया, “मैं काफी नर्वस था, लेकिन फिर भी मैंने अपनी गेंदबाजी से समझौता नहीं किया। मुझे पता था कि मुझे अपनी लाइन और लेंथ को बनाए रखना है और इसने मेरे लिए काम किया। हार्दिक पांड्या ने मेरा पूरा साथ दिया। उन्होंने मेरी गेंदबाजी करने का काम मुझ पर छोड़ दिया था…जहां मैं गेंदबाजी करना चाहता था, मुझे कौन सा फील्ड प्लेसमेंट चाहिए था। उन्होंने मुझे गेंद के साथ जो कुछ भी करना है, इसकी पूरी छूट दी।”

यहां देखिए वीडियो –

आपको बता दें, आईपीएल 2022 (IPL 2022) की मेगा नीलामी गुजरात टाइटन्स (GT) ने यश दयाल को 3.2 करोड़ रुपए में खरीदा था, जबकि उनका आधार मूल्य 20 लाख रुपए था। इस युवा तेज गेंदबाज के लिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने भी काफी दिलचस्पी दिखाई थी।

close whatsapp