नीलामी में अनसोल्ड रहे सिसंडा मगाला आईपीएल 2023 के लिए CSK से जुड़े
सिसंडा मगाला 50 लाख रुपये के अपने बेस प्राइस में सीएसके से जुड़ेंगे।
अद्यतन - Mar 20, 2023 10:33 am

चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 31 मार्च से शुरू होने वाले आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2023 से पहले एक बड़े झटके का सामना करना पड़ा, क्योंकि न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज काइल जैमीसन आगामी सीजन से बाहर हो गए हैं।
आपको बता दें, चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने पिछले साल दिसंबर के मिनी-ऑक्शन में काइल जैमीसन को आगामी सीजन के लिए एक करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ पिछले महीने की टेस्ट सीरीज से कुछ समय पहले पीठ के निचले हिस्से में स्ट्रेस फ्रैक्चर के लौटने के कारण उनके कई महीनों तक एक्शन से बाहर रहने की उम्मीद है।
चेन्नई सुपर किंग्स ने सिसंडा मगाला को किया साइन
जिसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने 19 मार्च को आगामी आईपीएल 2023 के लिए दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज सिसंडा मगाला को काइल जैमीसन के प्रतिस्थापन के रूप में साइन करने की घोषणा की है। 32-वर्षीय मागला को आईपीएल मिनी-ऑक्शन में कोई खरीददार नहीं मिल पाया था। वह अपने बेस प्राइस 50 लाख रुपये में CSK से जुड़े हैं, और अब वह आगामी सीजन में आईपीएल में डेब्यू करने की उम्मीद कर रहे होंगे।
आपको बता दें, सिसंडा मगाला ने अप्रैल 2021 के बाद से दक्षिण अफ्रीका के लिए कोई T20I मैच नहीं खेला है, लेकिन उन्होंने इस साल की शुरुआत में SA20 के पहले संस्करण में वर्तमान चैंपियन सनराइजर्स ईस्टर्न केप के लिए 8.68 की इकॉनोमी से 14 विकेट लेकर सभी को प्रभावित किया। मागला एक डेथ बॉलर के रूप में जाने जाते हैं, लेकिन उन्होंने SA20 के दौरान पावरप्ले में भी बेहद शानदार गेंदबाजी की थी। इसके अलावा, वह निचले क्रम में बल्ले के साथ भी योगदान दें सकते हैं।
आईपीएल ने आधिकारिक बयान में कहा: ‘चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2023 के लिए न्यूजीलैंड के गेंदबाज काइल जैमीसन के प्रतिस्थापन के रूप में दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज सिसंडा मगाला को साइन किया है। जैमीसन, जो चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं, को फ्रेंचाइजी द्वारा INR 1 करोड़ में खरीदा गया था। उनके प्रतिस्थापन मगाला के पास खेल के सबसे छोटे प्रारूप में काफी अनुभव है। हालांकि, उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के लिए सिर्फ 4 T20I मैच खेले हैं, लेकिन उन्होंने इस प्रारूप में घरेलू क्रिकेट में लगातार विकेट लिए हैं। वह 50 लाख रुपये के अपने बेस प्राइस में सीएसके से जुड़ेंगे।’