IPL 2023: धोनी की बल्लेबाजी देखने के लिए पागल हुए फैंस, 2.2 करोड़ लोगों ने जियोसिनेमा पर देखा लाइव - क्रिकट्रैकर हिंदी

IPL 2023: धोनी की बल्लेबाजी देखने के लिए पागल हुए फैंस, 2.2 करोड़ लोगों ने जियोसिनेमा पर देखा लाइव

राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ महेंद्र सिंह धोनी ने 17 गेंदो में 31 रनों की नाबाद पारी खेली।

MS Dhoni (Photo Source: Twitter)
MS Dhoni (Photo Source: Twitter)

भारतीय क्रिकेट के सफल कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इस वक्त आईपीएल के 16वें सीजन में अपने शानदार बल्लेबाजी का जलवा दिखाते हुए नजर आ रहे हैं। धोनी ने साल 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया था, लेकिन उसके बाद भी उनकी फैन फॉलोइंग में कोई कमी नहीं आई हैं। आईपीएल 2023 का 17वां मुकाबला राजस्थान रॉयल्स (RR) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच चेपॉक में खेला गया।

रोमांचक मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने 3 रनों से जीत दर्ज की। लेकिन महेंद्र सिंह धोनी और रवींद्र जडेजा ने रन चेज में टीम को बनाए रखा था। इसी दौरान धोनी की बल्लेबाजी को करोड़ों फैंस जियोसिनेमा पर लाइव देख रहे थे।

धोनी की बल्लेबाजी का कुछ इस तरह है क्रेज

राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 175 रनों का सम्मानजनक टोटल बोर्ड पर खड़ा किया था। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को शुरूआत अच्छी नहीं मिली, क्योंकि ओपनर ऋतुराज गायकवाड़ 8 रन बनाकर आउट हो गए। जिसके बाद अजिंक्य रहाणे और डेवॉन कॉनवे के बीच 68 रनों की साझेदारी हुई।

कॉनवे ने 38 गेंदो में 51 रनों और अजिंक्य रहाणे ने 31 रनों की पारी खेली। लेकिन फिर शिवम दुबे, अंबाती रायडू और मोइन अली जैसे बल्लेबाज सस्ते में पवेलियन लौट गए थे। जिसके बाद जीत दिलाने की जिम्मेदारी रवींद्र जडेजा और महेंद्र सिंह धोनी पर थी।

चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को आखिरी दो ओवरों में जीत के लिए 40 रनों की जरूरत थी। आखिरी ओवर में धोनी की बल्लेबाजी को 2.2 करोड़ फैंस लाइव देख रहे थे। जिसकी जानकारी जियोसिनेमा ने साझा की है।

धोनी और जडेजा दोनों ही CSK को जीत के काफी ज्यादा करीब ले गए थे। लेकिन संदीप शर्मा की शानदार गेंदबाजी के चलते टीम को हार का सामना करना पड़ा। महेंद्र सिंह धोनी पारी के 15वें ओवर में क्रिज पर आए थे, वहीं अंत तक वह 17 गेंदो में एक चौके और 3 छक्को की मदद से 31 रनों पर नाबाद रहे।

रवींद्र जडेजा ने भी 15 गेंदो में 25 रनों की नाबाद पारी खेली। आपको बता दें बतौर कप्तान महेंद्र सिंह धोनी चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए 200वां मुकाबला खेल रहे थे। लेकिन इस मुकाबले में उनकी टीम जीत दर्ज कर पाने में नाकामयाब रही।

close whatsapp