IPL 2023: DC बनाम CSK मुकाबले में यह रहा Play Of The Day - क्रिकट्रैकर हिंदी

IPL 2023: DC बनाम CSK मुकाबले में यह रहा Play Of The Day

डेविड वॉर्नर ने दिल्ली कैपिटल्स की ओर से 58 गेंदों में 7 चौके और 5 छक्कों की मदद से 86 रनों की बहुमूल्य पारी खेली।

David Warner (Pic Source-Twitter)
David Warner (Pic Source-Twitter)

इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के 67वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 77 रनों से मात दी। इस मैच में ऋतुराज गायकवाड़ ने अपनी टीम की ओर से काफी अच्छी बल्लेबाजी करते हुए 50 गेंदों में तीन चौके और 7 छक्कों की मदद से 79 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली। यही नहीं उन्होंने प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड भी अपने नाम किया।

दिल्ली कैपिटल्स की बात की जाए तो टीम की ओर से कप्तान डेविड वॉर्नर अकेले क्रीज पर डटे रहे और उन्हें किसी का भी साथ नहीं मिला जिसकी वजह से टीम को हार का सामना करना पड़ा। चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 223 रन बनाए थे जिसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 146 रन ही बना पाई और 77 रनों से यह मैच हार गई।

डेविड वॉर्नर ने दिल्ली कैपिटल्स की ओर से 58 गेंदों में 7 चौके और 5 छक्कों की मदद से 86 रनों की बहुमूल्य पारी खेली। उन्होंने रवींद्र जडेजा की एक गेंद पर स्विच हिट भी मारा जो सीधा बाउंड्री के पार गई। उनके इस शॉट की तमाम लोग जमकर प्रशंसा कर रहे हैं। डेविड ने इस मैच में काफी अच्छी बल्लेबाजी की लेकिन वो अपनी टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे।

चेन्नई सुपर किंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के प्लेऑफ के लिए किया क्वालीफाई

बता दें, चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ यह मैच जीतकर प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई किया। उन्हें यह मैच जीतना बेहद जरूरी था। गुजरात टाइटंस के बाद चेन्नई सुपर किंग्स दूसरी टीम है जिन्होंने इस सीजन के प्लेऑफ में क्वालीफाई किया है। ऋतुराज गायकवाड़ के अलावा डेवॉन कॉनवे ने चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से 52 गेंदों में 11 चौके और तीन छक्कों की मदद से 87 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली जबकि शिवम दुबे ने 9 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 22 रन बनाए।

चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने सभी लीग मुकाबले खेल लिए हैं। उन्होंने कुल 14 मुकाबलों में 8 में जीत दर्ज की है जबकि 5 में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। एक मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया था।

close whatsapp