आईपीएल 2023: वीरेंद्र सहवाग ने संघर्षरत आंद्रे रसेल को लेकर KKR को दिया चौंकाने वाला सुझाव
आंद्रे रसेल को वीरेंद्र सहवाग से मिली थी चौंकाने वाली सलाह, जिसने वेस्टइंडीज के दिग्गज के लिए किया था कमाल!
अद्यतन - अप्रैल 15, 2023 1:31 अपराह्न

भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग का मानना है कि कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के दिग्गज ऑलरांडर आंद्रे रसेल अगर ओपनिंग करना शुरू कर दें, तो वह ज्यादा से ज्यादा मैच फिनिश कर सकते हैं, और ज्यादा सफलता हासिल कर सकते हैं।
वेस्टइंडीज के बिग हिटर 14 अप्रैल को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए जारी आईपीएल 2023 के 19वें मैच में मात्र 6 गेंदों का सामना कर तीन रनों पर SRH के लेग स्पिनर मयंक मारकंडे को अपना विकेट गंवा बैठे, जिसके बाद सहवाग ने रसेल को ओपनिंग करने की सलाह दी।
आपको बता दें, आंद्रे रसेल को उनकी पिछली तीन पारियों में लेग-स्पिनर ने आउट किया है, और उन्होंने जारी आईपीएल 2023 में अब तक चार मैचों में केवल 39 रन बनाए हैं। इस बीच, लेग-स्पिनरों के खिलाफ आंद्रे रसेल के संघर्ष को देखते हुए भारत के पूर्व क्रिकेटर रोहन गावस्कर ने क्रिकबज पर चर्चा के दौरान वीरेंद्र सहवाग से पूछा कि क्या केकेआर को वेस्टइंडीज के बिग हीटर से ओपनिंग कराने पर विचार करना चाहिए था।
KKR को आंद्रे रसेल को बतौर ओपनर आजमाना चाहिए: वीरेंद्र सहवाग
जिस पर पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने कहा कि उन्होंने साल 2018 में रसेल को भी यही सुझाव दिया था और यहां तक ओपनिंग करते हुए उन्हें CPL में सफलता भी मिली थी, लेकिन आईपीएल में KKR जैसी टीम उन्हें ये जिम्मेदारी देना चाहेगी या नहीं, उस बारे में वह निश्चित नहीं है। वीरेंद्र सहवाग ने क्रिकबज पर कहा: ‘मैंने 2018 में आंद्रे रसेल से ओपनिंग करने की बात कही थी। मैंने रसेल से घरेलू क्रिकेट में जाकर ओपनिंग करने को कहा था।
मैंने रसेल से कहा अगर आपको वहां बतौर ओपनर सफलता मिलती है, तो आप मिलियन डॉलर क्रिकेटर बन जाएंगे, और उसने ऐसा किया। उसने CPL में ओपनिंग की, एक मैच में शतक बनाया और मुझे मैसेज किया, लेकिन वह वहां का कप्तान था, सबसे बड़ा खिलाड़ी। वह इस तरह का जोखिम उठा सकता है और ओपनिंग करने का फैसला कर सकता है। लेकिन क्या वह केकेआर में ऐसा कर सकते हैं? यह कोचिंग स्टाफ और कप्तान तय करेगा।
उसे तेज गेंदबाजों से कोई परेशानी नहीं है, वह स्पिनरों के खिलाफ ही मात खा रहे हैं, लेकिन अगर वह ओपनिंग करते हुए सेट हो जाता है तो उसे खेलने के लिए काफी गेंदें मिलेंगी और वह और भी खतरनाक हो सकता है। चेस मास्टर कौन है? विराट कोहली। वह आरसीबी के लिए कहां बल्लेबाजी करता है? क्या वह मैच खत्म नहीं करता है? आंद्रे रसेल भी ऐसा कर सकते हैं। लेकिन केकेआर को वह जोखिम उठाना होगा। क्या वह नई गेंद से बच पाएगा? अगर हां, तो फिर उन्हें बतौर ओपनर आजमाएं।’