RCB ने किया रीस टॉपली और रजत पाटीदार के रिप्लेसमेंट का ऐलान, धाकड़ खिलाडियों को किया टीम में शामिल
मुंबई इंडियंस के खिलाफ पहले मैच में चोटिल हुए थे रीस टोपली।
अद्यतन - Apr 7, 2023 3:02 pm

आईपीएल 2023 में अब तक कुल 9 मुकाबले खेले जा चुके हैं। लीग के आगे बढ़ने के साथ ही खिलाड़ियों के चोटिल होने का सिलसिला भी शुरू हो चुका है। दरअसल RCB के तेज गेंदबाज रीस टोपली पहले ही मैच में फील्डिंग करते हुए चोटिल हो गए थे। वहीं टूर्नामेंट शुरू होने से पहले RCB को बड़ा झटका तब लगा था जब रजत पाटीदार भी चोटिल होने की वजह से बाहर हो गए थे।
इसके बाद फैंस के मन में यही सवाल था कि RCB की मैनेजमेंट इन दोनों खिलाड़ियों के जगह किसे टीम में शामिल करेगी। आज यानी 7 अप्रैल को RCB ने इन दोनों खिलाड़ियों के रिप्लेसमेंट का ऐलान किया। मैनेजमेंट ने तेज गेंदबाज रीस टोपली की जगह दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी तेज गेंदबज वेन पार्नेल को अपनी टीम में शामिल किया। वहीं रजत पाटीदार की जगह वैशाख विजय कुमार को जगह मिली है।
क्या कहते हैं वेन पार्नेल और विजय कुमार के आंकड़े?
पार्नेल की बात करें तो वो टी20 फॉर्मेट के दिग्गज गेंदबाज हैं, जिन्होंने 2009 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। पार्नेल ने अब तक 56 टी-20 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 18.5 की स्ट्राइक रेट और 8.29 की इकॉनमी से 59 विकेट लिए हैं। वहीं अगर विजय कुमार की बात करें तो उन्होंने अब तक 14 टी-20 मुकाबलों में 22 विकेट लिए हैं। RCB ने उनको 20 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया है।
आरसीबी की यह सीजन की तीसरी रिप्लेसमेंट डील है। इससे पहले, इंग्लिश बल्लेबाज विल जैक्स भी अपनी पहली आईपीएल टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे और उनकी जगह न्यूजीलैंड के हरफनमौला खिलाड़ी माइकल ब्रेसवेल को उनके रिप्लेसमेंट के रूप में साइन किया गया था।