IPL 2023: ‘WTC फाइनल की याद आएगी…’- RCB और MI के मैच से पहले आकाश चोपड़ा का बड़ा बयान
आईपीएल 2023 का 54वां मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जाएगा।
अद्यतन - May 9, 2023 8:36 pm

आईपीएल 2023 का 54वां मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस सीजन दोनों टीमों के बीच हुए पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 8 विकेट से जीत दर्ज की थी। आपको बता दें रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर पिछले 7 सालों में आज तक वानखेड़े में एक भी मैच नहीं जीत पाई है। जिसके चलते दोनों टीमों के बीच आगामी मुकाबला काफी ज्यादा रोमांचक होने वाला है।
आईपीएल के बाद आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इंग्लैंड में खेला जाएगा। RCB और मुंबई इंडियंस के आगामी मैच से पहले क्रिकेट कमेंटटेटर आकाश चोपड़ा का कहना है कि इस मैच के दौरान फैंस को एक मिनी WTC फाइनल दिखने वाला है।
यह मुकाबला शानदार होने वाला है- आकाश चोपड़ा
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाड़ी जोश हेजलवुड लंबे समय से चोट से जूझने के बाद फॉर्म में वापसी करते दिख रहे हैं। पिछले दो मैचों में जोश हेजलवुड शानदार प्रदर्शन करते हुए नजर आए हैं। वहीं रोहित शर्मा की बात करें तो वह पिछले दो मैचों में बिना खाता खोले पवेलियन लौटे हैं।
वहीं चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ पिछले मुकाबले में रोहित शर्मा ओपनिंग करने भी नहीं उतरे थे। आकाश चोपड़ा का कहना है कि, RCB और मुंबई इंडियंस के मैच के दौरान फैंस को WTC फाइनल की याद आने वाली है। क्योंकि एक ओर जोश हेजलवुड रहेंगे और दूसरी तरफ रोहित शर्मा और इशान किशन रहने वाले हैं।
आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए कहा, ‘इस खेल में बड़े-बड़े बैटल क्या होंगे? बैटल बहुत सरल है- रोहित शर्मा और इशान किशन और उनके सामने मोहम्मद सिराज और जोश हेजलवुड। जब जोश हेजलवुड गेंदबाजी करेंगे तो आपको अचानक से WTC फाइनल की याद आएगी। क्योंकि इशान किशन भी WTC फाइनल स्क्वॉड में हैं।’
आकाश चोपड़ा ने आगे कहा, ‘इशान किशन भले ना खेलें लेकिन वह वहां रहेंगे। रोहित शर्मा वहां रहेंगे और उनके सामने जोश हेजलवुड रहेंगे। पिच से भी थोड़ी मदद मिलेगी। मोहम्मद सिराज, जोश हेजलवुड और मुंबई के ओपनरों के बीच का बैटल काफी शानदार होने वाला है। अगर रोहित ओपनिंग करने आते हैं।’