VIDEO: कुछ तो गड़बड़ है MI में! RCB मैच से पहले आकाश अंबानी-रोहित शर्मा का ये वीडियो हुआ वायरल
कार में रोहित शर्मा को मुंबई इंडियंस के मालिक आकाश अंबानी के बगल में बैठे देखा गया।
अद्यतन - अप्रैल 11, 2024 11:31 पूर्वाह्न

मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को उनके फैंस से काफी ज्यादा प्यार मिलता है। उन्होंने अपनी कप्तानी में मुंबई इंडियंस को पांच आईपीएल खिताब दिलाए हैं, जिस वजह से उनकी गिनती आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में की जाती है। पांच बार के चैंपियन का अगला आईपीएल मुकाबला वानखेड़े स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा जो 11 अप्रैल को खेला जाएगा।
RCB के खिलाफ मुकाबले से ठीक पहले रोहित शर्मा से जुड़ा एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा। इस वीडियो के जरिए यह दावा किया जा रहा है कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ होने वाले मैच से ठीक पहले पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और टीम के मालिक आकाश अंबानी एक साथ एक ही कार में मुंबई की सड़कों पर देखे गए। इस वीडियो के वायरल होने के बाद फैंस फिर से कई तरह के कयास लगा रहे हैं।
आकाश अंबानी के साथ वानखेड़े स्टेडियम पहुंचे रोहित शर्मा
कार में रोहित शर्मा को मुंबई इंडियंस के मालिक आकाश अंबानी के बगल में बैठे देखा गया। MI के पूर्व कप्तान रोहित आगे वाली सीट पर थे, जबकि ऐसा कहा जा रहा है कि आकाश गाड़ी चला रहे थे। दोनों कार से वानखेड़े स्टेडियम पहुंचे। हालांकि, कार चला रहे व्यक्ति का चेहरा साफ तौर पर दिखाई नहीं दे रहा है, लेकिन फैंस के रिएक्शन से ऐसा लग रहा है कि वो कार चलाने वाले व्यक्ति आकाश अम्बानी थे।
Rohit Sharma with Akash Ambani 🤨🧐 pic.twitter.com/hYSj32vBHo
— RITIKA RO 45 (@RITIKAro45) April 10, 2024
हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब रोहित और आकाश को एक साथ देखा गया है। इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ MI की हार के बाद दोनों को डगआउट में काफी देर तक बातचीत करते हुए देखा गया था। ऐसे में अब जब फिर से आकाश और रोहित को एक साथ देखा गया तो फैंस को लग रहा है कि मुंबई के कैंप में फिर से कुछ बड़ा होने वाला है।
आपको बता दें कि, मुंबई इंडियंस के लिए IPL 2024 की शुरुआत बेहद खराब रही थी। टीम को पहले तीन मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था। टीम को अपनी पहली जीत पिछले मैच में दिल्ली के खिलाफ नसीब हुई। ऐसे में अब उनकी कोशिश उस जीत के सिलसिले को जारी रखने की होगी।