IPL 2024 Countdown: टूर्नामेंट शुरू होने में 6 दिन बाकी और ‘6’ नंबर रोहित और रायुडू को बनाता है स्पेशल प्लेयर
22 मार्च को RCB और CSK के बीच खेला जाएगा IPL 2024 का पहला मैच।
अद्यतन - मार्च 16, 2024 7:56 पूर्वाह्न

IPL 2024 के शुरू होने में अब महज 7 दिनों का वक्त बाकी रह गया है। सभी टीमें आगामी सीजन के लिए जोर शोर से तैयारी कर रही है। सभी टीमों की कोशिश यही है कि वो इस सीजन खिताब को अपने नाम कर सकें। बता दें कि आगामी IPL सीजन का आगाज 22 मार्च से हो रहा है। टूर्नामेंट के पहले ही मैच में चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर चेन्नई में एमए चिदंबरम स्टेडियम आमने सामने होंगी।
क्या आप जानते हैं? IPL इतिहास में बतौर प्लेयर सबसे ज्यादा (6) खिताब रोहित शर्मा और अंबाती रायुडू ने जीते हैं।
आपको बता दें कि रोहित शर्मा खिलाड़ी के तौर पर छह बार आईपीएल ट्रॉफी जीत चुके हैं। उन्होंने पांच बार मुंबई इंडियंस को अपनी कप्तानी में चैंपियन बनाया है, वहीं एक बार बतौर खिलाड़ी उन्होंने 2009 में डेक्कन चार्जर्स के लिए खिताब जीता था। इस तरह से रोहित के नाम बतौर प्लेयर छह आईपीएल ट्रॉफी हैं।
अंबाती रायुडू की बात करें तो वो भी छह बार आईपीएल ट्रॉफी जीत चुके हैं। उन्होंने 2013, 2015 और 2016 में मुंबई इंडियंस के लिए खिताब जीता था। जबकि 2018, 2021 और 2023 ने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए ट्रॉफी जीता था। बता दें कि, रायुडू ने पिछले सीजन ही आईपीएल से संन्यास ले लिया था।
रोहित शर्मा की बात करें तो वो इस सीजन बतौर प्लेयर मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए नजर आएंगे। इस सीजन मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पांड्या को कप्तान नियुक्त किया है। रोहित शर्मा इन दिनों शानदार फॉर्म में चल रहे हैं और वो आगामी आईपीएल सीजन में उसी फॉर्म को बरकरार रखकर खूब रन बनाना चाहेंगे। वहीं बतौर प्लेयर वो एक और खिताब अपने नाम करना चाहेंगे।
अब देखना यह दिलचस्प होगा कि हार्दिक की कप्तानी में मुंबई इस सीजन कितना अच्छा प्रदर्शन करती है। मंबई इंडियंस आईपीएल 2024 में अपने अभियान की शुरुआत गुजरात टाइटन्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले के साथ करेगी।