IPL 2024: 24.75 करोड़ वाले मिचेल स्टार्क ने नॉकआउट मैच में दिखाया असली रंग, KKR को दिलाया फाइनल का टिकट
मिचेल स्टार्क ने अपने स्पैल में 4 ओवर में 34 रन देकर 3 विकेट लिया
अद्यतन - May 21, 2024 11:31 pm

IPL 2024: SRH vs KKR, Qualifier 1: Mitchell Starc Won POTM Award: आईपीएल 2024 के क्वालिफायर-1 मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 8 विकेट से हराकर फाइनल में जगह पक्की कर ली है। मुकाबले में हैदराबाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.3 ओवरों में 159 रनों पर ऑलआउट हो गई थी। KKR ने 13.4 ओवरों में ही लक्ष्य का पीछा कर जीत हासिल की।
कोलकाता नाइट राइडर्स की इस जीत के हीरो रहे मिचेल स्टार्क (Mitchell Starc), जिन्होंने 3 अहम विकेट टीम के लिए चटकाए। स्टार्क को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया।
Mitchell Starc ने पावरप्ले में चटकाए थे तीन विकेट
सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था, लेकिन यह गलत साबित हुआ। मिचेल स्टार्क (Mitchell Starc) ने पहले ओवर की दूसरी गेंद पर ट्रैविस हेड को डक पर आउट किया था। फिर स्टार्क ने पांचवें ओवर में नीतिश कुमार रेड्डी (9) और शाहबाज अहमद को गोल्डन डक पर पवेलियन भेजा था।
मिचेल स्टार्क ने पावरप्ले के अंदर ही तीन विकेट चटकाकर हैदराबाद की बैटिंग लाइनअप की कमर तोड़ दी थी, जिससे विरोधी टीम उबर ही नहीं पाई। उन्होंने अपने 4 ओवर के स्पैल में 34 रन देकर 3 विकेट चटकाए।
हमें शुरुआती विकेट लेने की जरूरत थी- मिचेल स्टार्क
प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीतने के बाद मिचेल स्टार्क ने पोस्ट मैच प्रजेंटेशन पर बात करते हुए कहा,
हम जानते हैं कि पावरप्ले कितना अहम है। ये वो दो टीमें थीं जिन्होंने पावरप्ले में बल्ले से दबदबा बनाया है। हमें शुरुआती विकेट लेने की जरूरत थी। जिस तरह से हेड और अभिषेक पूरे टूर्नामेंट में खेल रहे हैं, उन्हें खुले हाथों से खेलना पसंद हैं। हमने सिर्फ गेंद को स्विंग कराने की कोशिश की और उन्हें चौड़ाई नहीं दी। बॉल को स्टंप टू स्टंप रखा और कठिन लेंथ का प्रयास किया। स्पिनर प्रभावी थे और पूरा गेंदबाजी डिपॉर्टमेंट शानदार था। मुझे लगता है कि मैं लकी रहा (हेड का विकेट लेने पर), उन्हें जल्दी पवेलियन जाता देखकर अच्छा लगा, हमेशा ऐसा नहीं होता। हम एक दूसरे के खिलाफ खेलते रहे हैं। वे (अरोड़ा और हर्षित) टैलेंटेड हैं, वे कड़ी ट्रेनिंग करते हैं। हर्षित का प्रदर्शन इस साल शानदार रहा है। इसमें कोई शक नहीं कि वे आईपीएल में और भारत के लिए भी कई विकेट लेंगे।