MI vs DC: दिल्ली के खिलाफ 29 रनों से जीत हासिल करने के बाद, आईपीएल इतिहास में ऐसा करने वाली एकमात्र टीम बनी मुंबई इंडियंस
मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली के खिलाफ 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 234 रन बनाए थे।
अद्यतन - Apr 7, 2024 9:23 pm

पांच बार की आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians), आईपीएल 2024 के जारी सीजन में एक अनोखे रिकाॅर्ड को अपने नाम करने में सफल रही है। बता दें कि मुंबई और दिल्ली के बीच आज 7 अप्रैल रविवार को आईपीएल के 17वें सीजन का 20वां मैच वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया।
इस मैच में मुंबई टीम के खिलाड़ियों ने बिना कोई अर्धशतक लगाए, आईपीएल इतिहास का सर्वाधिक स्कोर बनाया है। मुकाबले में मुंबई ने दिल्ली के खिलाफ निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 234 रन बनाए। लेकिन मुंबई का कोई भी बल्लेबाज अच्छा स्टार्ट मिलने के बाद भी मैच में अर्धशतक नहीं लगा पाया है।
मुंबई की ओर से पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने 49, विकेटकीपर ईशान किशन ने 42, कप्तान हार्दिक पांड्या ने 39 और टिम डेविड ने 45* और रोमारियो शेफर्ड ने 39* रनों की शानदार नाबाद पारियां खेली। लेकिन मुकाबले में मुंबई की ओर से कोई बल्लेबाज अर्धशतक नहीं लगा पाया है।
देखें मुंबई इंडियंस के इस अनोखे रिकाॅर्ड को
MUMBAI INDIANS SCORED THE HIGHEST T20 TOTAL IN HISTORY WITHOUT AN INDIVIDUAL FIFTY…!!! 💥 pic.twitter.com/2i6RsQ1vr2
— Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) April 7, 2024
मुंबई ने दिल्ली को 29 रनों से हराकर दर्ज की IPL 2024 में पहली जीत
दूसरी ओर, मैच के बारे में आपको जानकारी दें तो मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 235 रनों का एक मजबूत लक्ष्य, दिल्ली कैपिटल्स के सामने जीत के लिए रखा था। तो वहीं जब ऋषभ एंड कंपनी इस टारगेट का पीछा करने उतरी तो वह 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 205 रन ही बना पाई और मैच में दिल्ली कैपिटल्स को 29 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
तो वहीं यह मुंबई की जारी टूर्नामेंट में खेले गए चार मुकाबलों में हार की हैट्रिक के बाद पहली जीत है। इस जीत के बाद हार्दिक एंड कंपनी जीत की पटरी पर लौटना चाहेगी। दूसरी ओर, दिल्ली की यह टूर्नामेंट में कुल चौथी हार है और इस हार के बाद वह पाॅइंट्स टेबल में आखिरी स्थान पर पहुंच गई है।