यहां जानें RCB vs CSK मुकाबले का टर्निंग पॉइंट । CricTracker Hindi

IPL 2025, RCB vs CSK: चेन्नई सुपर किंग्स से कहां हुई चूक, जानें मुकाबले का टर्निंग पॉइंट

हाई स्कोरिंग मुकाबले में आरसीबी ने सीएसके को 2 रन से हराया

Ayush Mhatre (Image Credit- X)
Ayush Mhatre (Image Credit- X)

आईपीएल 2025 में शनिवार को खेले गए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम चेन्नई सुपर किंग्स मुकाबले का टर्निंग पॉइंट आयुष म्हात्रे का विकेट रहा। आरसीबी द्वारा दिए गए 214 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए सीएसके के लिए आयुष ने एक जबरदस्त पारी खेली। उन्होंने सिर्फ 25 गेंदों में अर्धशतक बनाते हुए टीम को जीत की ओर अग्रसर किया।

उन्होंने रवींद्र जडेजा के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 114 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। एक समय ऐसा लग रहा था कि दोनों टीम को आसानी से लक्ष्य तक पहुंचा देंगे, लेकिन लुंगी एन्गिडी ने आयुष म्हात्रे को आउट कर आरसीबी को राहत दिलाई। 17 वर्षीय बल्लेबाज शतक से चूक गए, लेकिन उन्होंने सीएसके के लिए एक यादगार पारी खेली।

उनका आउट होना इस मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। अगर आयुष थोड़ी देर क्रीज पर और टिकते तो संभवत मैच का परिणाम कुछ और होता।

मैच का हाल

मुकाबले की बात करें तो आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 213 रनों का विशाल स्कोर बनाया। सलामी बल्लेबाज जैकब बेथेल और विराट कोहली ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 97 रनों की साझेदारी की। पथिराना ने जैकब को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा।

जैकब बेथेल ने 33 गेंदों में 55 रनों की पारी खेली। वहीं इसके बाद विराट कोहली भी 62 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने 5 चौके और 5 छक्के लगाए। अंत में रोमारियो शेफर्ड ने आरसीबी के लिए सबसे तेज अर्धशतक लगाते हुए नाबाद 53 रनों की अहम पारी खेली, जिसकी बदौलत आरसीबी ने सीएसके को एक बड़ा लक्ष्य दिया। सीएसके की ओर से मथीशा पथिराना ने सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए।

इसके जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स ने भी तेज शुरुआत की, लेकिन 58 के स्कोर पर उसने अपने दो विकेट खो दिए। हालांकि, आयुष म्हात्रे ने सिर्फ 25 गेंदों में अर्धशतक बनाकर इतिहास रच दिया। वह यही नहीं रुके और 94 रनों की धमाकेदार पारी खेल कर आउट हुए। अपनी पारी में म्हात्रे ने 9 चौके और 5 छक्के लगाए। इसके अलावा रवींद्र जडेजा ने 77 रनों की नाबाद पारी खेली, लेकिन वे भी टीम को जीत नहीं दिला सके।

धोनी की टीम लक्ष्य से सिर्फ दो रन दूर रह गई और 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 211 रन ही बना सकी। आरसीबी के लिए लुंगी एन्गिडी ने कमाल की गेंदबाजी की और सबसे अधिक तीन विकेट हासिल किए।

close whatsapp