IPL 2026: हार के साथ सीएसके का लीग सफर खत्म, गुजरात टाइटंस ने एकतरफा मुकाबले में 89 रनों से हराया
चेन्नई जारी सीजन 14 मैचों में से सिर्फ 6 में ही जीत हासिल कर पाई
अद्यतन - मई 21, 2026 11:12 अपराह्न

गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच जारी आईपीएल 2026 का 66वां मैच खेला गया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में जीटी ने एकतरफा अंदाज में 89 रनों से बड़ी जीत हासिल की और टाॅप 2 में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है।
टाॅस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस ने 230 रनों का लक्ष्य, चेन्नई सुपर किंग्स के सामने जीत के लिए रखा। लेकिन, जीटी की शानदार गेंदबाजी के सामने गायकवाड़ एंड कंपनी 140 रनों पर सिमट गई, और उसे अपने आखिरी लीग मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। सीएसके ने जारी आईपीएल सीजन 14 मैचों में से सिर्फ 6 मैचों में जीत हासिल की।
आईपीएल 2026, जीटी बनाम सीएसके मैच का हाल
मैच के बारे में आपको विस्तार से बताएं तो चेन्नई सुपर किंग्स ने टाॅस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। इसके बाद होम टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर कुल 229 रन बनाए।
टीम के लिए इनफाॅर्म साई सुदर्शन (84 रन, 53 गेंद) और शुभमन गिल (64 रन, 37 गेंद) की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 125 रनों की साझेदारी कर, टीम को ठोस शुरुआत दी। इसके अलावा अंत में अनुभवी इंग्लिश विकेटकीपर जोस बटलर ने 27 गेंदों में 5 चौके व 4 छक्कों की मदद से 57* रनों की नाबाद पारी खेली और टीम का स्कोर 200 के पार लगाया।
दूसरी ओर, चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से गुरजापनीत सिंह को छोड़कर बाकी सभी गेंदबाज महंगे साबित हुए। मुकेश चौधरी, स्पेंसर जाॅनसन और अंशुल कंबोज को 1-1 विकेट मिला।
इसके बाद, जब सीएसके गुजरात टाइटंस से मिले 230 रनों के मजबूत लक्ष्य का पीछा करने उतरी, तो वह गुजरात की शानदार गेंदबाजी के सामने 13.4 ओवरों में 140 रनों पर सिमट गई। चेन्नई के लिए सिर्फ शिवम दुबे ही 47 रनों की बेस्ट पारी खेल पाए, जबकि अन्य खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी में निराश किया। मोहम्मद सिराज ने पावरप्ले में ही तीन बड़े विकेट लेकर सीएसके की कमर तोड़ दी। इसके बाद कागिसो रबाडा और राशिद खान ने भी 3-3 विकेट हासिल किए।