LLC 2023: इरफान पठान ने 19 गेंदों में बनाए 65 रन… 229 के टारगेट को आसानी से किया चेज
इरफान पठान ने 342 के तूफानी स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 19 गेंद में 65 रन बनाए।
अद्यतन - नवम्बर 19, 2023 9:50 पूर्वाह्न

लीजेंड्स लीग क्रिकेट 2023 का आगाज इंडिया कैपिटल्स और भिलवाड़ा किंग्स के बीच मैच के साथ हुआ। यह मैच जेसीपीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्पलेक्स, रांची में खेला गया। ऐसा लग रहा था कि वर्ल्ड कप के बीच में इन मैचों के लिए फैंस उतने उत्सुक नहीं होंगे। लेकिन पहले ही मैच में टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर इरफान पठान ने जो पारी खेली है उसे देखकर फैंस इस मैच को लेकर भी फिर से उत्साहित हो गए।
यह मुकाबला वर्ल्ड कप के मैच से कम रोमांचित नहीं था। इस 40 ओवर के मैच में 450 से ज्यादा रन बने। भिलवाड़ा किंग्स के कप्तान इरफान पठान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था, उनका यह फैसला गलत साबित हुआ। गौतम गंभीर की कप्तानी वाली इंडिया कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 228 रन ठोक डाले।
गौतम गंभीर ने 35 गेंदों का सामना कर 180 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 63 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 8 चौके और 1 छक्का भी लगाया। इसके अलावा किर्क एडवर्ड्स ने भी तूफानी अंदाज में 59 रन बनाए। वगूं बेन डंक की 37 और नर्स की 34 रन की तेज पारी से इंडिया कैपिटल्स इस बड़े टोटल तक पहुंचने में कामयाब रही।
इरफान पठान ने खेली तूफानी पारी
जवाब में भिलवाड़ा किंग्स की शुरुआत काफी निराशाजनक रही थी। उन्होंने 30 रन के अंदर ही अपने 2 विकेट खो दिए थे। इसके बाद सोलोमन मीर ने हालांकि 40 गेंद में 70 रन बनाकर थोड़ी उम्मीद जगाई। लेकिन तब भी किंग्स काफी पीछे थे। 135 रन पर आधी टीम आउट होकर पवेलियन लौट चुकी थी। लेकिन इसके बाद जो हुआ इसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी।
आखिरी के 6 ओवर में भीलवाड़ा किंग्स को 94 रनों की जरूरत थी। वहीं से इरफान पठान की तूफानी पारी की शुरुआत हुई। इरफान पठान ने 342 के तूफानी स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 19 गेंद में 65 रन ठोक डाले। पठान ने इस पारी में 9 छक्के और 1 चौका भी लगाया। उनकी टीम अंत में चार गेंद शेष रहते हुए मैच अपने नाम करने में कामयाब रही।
यह भी पढ़ें: शुभमन गिल को सपोर्ट करने अहमदाबाद पहुंची सारा तेंदुलकर