IPL खेलने का सपना टूटा तो, अब इस घरेलू टूर्नामेंट में खेलते हुए नजर आएंगे इशांत - क्रिकट्रैकर हिंदी

IPL खेलने का सपना टूटा तो, अब इस घरेलू टूर्नामेंट में खेलते हुए नजर आएंगे इशांत

इशांत शर्मा पहले रणजी टॉफी खेलने से मना कर दिया था।

Ishant Sharma
Ishant Sharma. (Photo Source: Twitter)

IPL-2022 के मेगा ऑक्शन में 12 और 13 फरवरी को 600 खिलाड़ियों पर बोली लगाई गई थी। उन खिलाड़ियों की पूल में भारतीय तेज गेंदबाज इशांत शर्मा का भी नाम था। मेगा ऑक्शन में 204 खिलाड़ियों को खरीदार मिले। नीलामी में अनसोल्ड रहे खिलाड़ियों में से कुछ बड़े नाम भी शामिल हैं। अनुभवी गेंदबाज इशांत शर्मा को भी इस सीजन में कोई खरीदार नहीं मिला। मेगा ऑक्शन में शामिल हुई सभी 10 फ्रेंचाइजियों में से किसी ने भी इस गेंदबाज पर भरोसा नहीं जताया।

इशांत शर्मा ने मेगा ऑक्शन में अनसोल्ड होने के बाद एक बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने कुछ समय पहले घरेलू टूर्नामेंट में दिल्ली की तरफ से खेलने के लिए मना कर दिया था। लेकिन अब इस तेज गेंदबाज ने अपने फैसले को बदल दिया है। इशांत शर्मा अब दिल्ली रणजी टीम में शामिल होने के लिए तैयार हैं। 33 वर्षीय इशांत ने शुरू में लीग चरण में चयन के लिए खुद को अनुपलब्ध बताया था।

इशांत शर्मा इस आईपीएल में 1.5 करोड़ रुपए के बेस प्राइस के साथ इस ऑक्शन में शामिल हुए थे। लेकिन इशांत को किसी भी फ्रेंचाइजी ने टीम में शामिल नहीं करना चाहा। टीम इंडिया के लिए 100 से अधिक टेस्ट मैच खेल चुके इशांत क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में कुछ खास प्रदर्शन नही कर पाए हैं जिस वजह से वो आईपीएल का हिस्सा नहीं बन पाए हैं।

इशांत को करना होगा पांच दिन का क्वारंटाइन

दिल्ली टीम के एक सूत्र ने PTI के हवाले से कहा कि , “इशांत आज (16 फरवरी) को पहुंच रहे  हैं। वह दूसरे गेम से उपलब्ध होंगे। टीम के लिए बेहतर होता अगर दोनों तेज गेंदबाज पहले मैच से उपलब्ध होते, लेकिन उनकी वापसी का हम स्वागत करते हैं, और यह टीम को मजबूत करेगा।”

रणजी ट्रॉफी में दिल्ली का पहला मैच 17 फरवरी को तमिलनाडु के खिलाफ होगा। मैच से पहले इशांत शर्मा को पांच दिन क्वारंटाइन में रहना होगा। उसके बाद ही इशांत दिल्ली टीम में शामिल हो सकेंगे। इस कारण तेज गेंदबाज पहला मैच नहीं खेल पाएंगे। वह झारखंड के खिलाफ 24 फरवरी को होने वाले दूसरे मुकाबले में दिल्ली टीम की तरफ से खेलते हुए नजर आएंगे।

close whatsapp