जोश हेजलवुड को लेकर गलत साबित होने पर शेन वॉटसन ने जताई हैरानी - क्रिकट्रैकर हिंदी

जोश हेजलवुड को लेकर गलत साबित होने पर शेन वॉटसन ने जताई हैरानी

जोश हेजलवुड ने साल 2013 में टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था।

Josh Hazlewood and Shane Watson (Photo Source: Twitter)
Josh Hazlewood and Shane Watson (Photo Source: Twitter)

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर शेन वॉटसन ने तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि वह जोश हेजलवुड के एक शानदार टी-20 गेंदबाज के रूप में उभरने से बेहद हैरान हैं। उनका यह भी मानना है कि हेजलवुड को अब खेल के सबसे छोटे प्रारूप में ऑस्ट्रेलिया के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाज के रूप में देखा जाना चाहिए।

आपको बता दें, जोश हेजलवुड ने साल 2013 में टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था, लेकिन तेज गेंदबाज ज्यादातर समय ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के अंदर और बाहर होते रहे। हालांकि, वह टेस्ट और वनडे क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के लिए प्रमुख गेंदबाजों में से एक रहे है।

शेन वॉटसन ने जोश हेजलवुड की जमकर तारीफ की

लेकिन पिछले कुछ सालों में आईपीएल (IPL) में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने और ऑस्ट्रेलिया को पहला टी-20 वर्ल्ड कप 2021 का खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाने के बाद अब वह टी-20 टीम के अहम खिलाड़ी बन गए हैं। वह 11 विकेटों के साथ टी-20 वर्ल्ड कप 2021 में संयुक्त रूप से चौथे सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज थे।

शेन वॉटसन ने आईसीसी रिव्यू के एक एपिसोड में ईसा गुहा को बताया: “एक टी-20 गेंदबाज के रूप में जोश हेजलवुड के विकास को देखना आश्चर्यजनक और अद्भुत है। मुझे हमेशा लगता था कि हेजलवुड टी-20 क्रिकेट के लिए नहीं बना है, वह केवल टेस्ट और वनडे क्रिकेट खेल सकता है, क्योंकि उसके पास खेल से सबसे छोटे प्रारूप के लिए बहुत ज्यादा रक्षात्मक विकल्प नहीं थे, लेकिन उसने मुझे गलत साबित कर दिया। पिछले कुछ वर्षों में बतौर टी-20 गेंदबाज उन्होंने जबरदस्त प्रगति और विकास किया है।”

पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ने आगे कहा: “मुझे लगता है जोश हेजलवुड इस समय ऑस्ट्रेलिया के सर्वश्रेष्ठ टी-20 तेज गेंदबाज हैं, और इसमें कोई दो राय नहीं है।” इस समय वह ऑस्ट्रेलिया टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर है, जहां दोनों टीमें तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय, पांच वनडे और दो टेस्ट मैच खेलेगी।

close whatsapp