Asia Cup 2022: भारतीय खिलाड़ियों के ऊपर पाकिस्तान के खिलाफ खेलने का दबाव जरूर होगा: रोहित शर्मा
भारत और पाकिस्तान के बीच 28 अगस्त को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में मुकाबला होगा।
अद्यतन - अगस्त 20, 2022 8:30 अपराह्न

आज से ठीक 7 दिन बाद एशिया कप 2022 की शुरुआत होने वाली है। पहला मुकाबला श्रीलंका और अफगानिस्तान के बीच खेला जाएगा जबकि भारत और पाकिस्तान के बीच 28 अगस्त को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में मुकाबला होगा। तमाम प्रशंसक इस मुकाबले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इसी के साथ पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मुकाबले को लेकर भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने प्रतिक्रिया दी है।
बता दें, पिछले साल खेले जा चुके टी-20 वर्ल्ड कप 2021 के पहले मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को इसी मैदान पर 10 विकेट्स से मात दी थी। पाकिस्तान टीम की ओर से शाहीन अफरीदी, बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को जीत दिलाई।
भारतीय टीम इस मुकाबले को भूलना चाहेगी और एशिया कप में होने वाले मुकाबले को जीतना चाहेगी। इन दोनों टीमों के बीच हुए पिछले मुकाबले में भारतीय टीम की कप्तानी विराट कोहली कर रहे थे और इस बार रोहित शर्मा इस पद को संभालने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
इसमें कोई शक नहीं है कि यह मुकाबला काफी बड़ा होगा: रोहित शर्मा
रोहित शर्मा ने कहा कि यह मुकाबला सभी खिलाड़ियों के लिए काफी महत्वपूर्ण होता है और इस मुकाबले को दोनों ही टीमें जीतना चाहती है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के ऊपर इस मुकाबले को लेकर काफी दबाव है और वो खुद और टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ड्रेसिंग रूम में सभी को शांत करने में लगे हुए हैं।
इस बड़े मुकाबले से पहले रोहित शर्मा ने स्टार स्पोर्ट्स में कहा कि, ‘सभी लोग क्रिकेट देखते हैं और खासतौर पर भारत बनाम पाकिस्तान का मुकाबला। इसमें कोई शक नहीं है कि यह मुकाबला काफी बड़ा होगा और सभी लोग इस मुकाबले के लिए काफी दबाव में होंगे।
अपने ग्रुप में हम चाहते हैं कि पूरा वातावरण सामान्य रहे और इस मुकाबले को लेकर कोई भी दबाव में ना रहे। हमारे लिए यह बस क्रिकेट का एक मुकाबला है। मेरे लिए और राहुल भाई के लिए यह बेहद जरूरी है कि अपनी टीम को यह समझाया जाए कि वो बस एक विरोधी टीम है और कुछ नहीं।
दोनों ही टीमें इस मुकाबले के लिए तैयार
बता दें, हाल ही में यह खबर सामने आई है कि पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी को चोटिल होने की वजह से इस टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया है जिसके बाद तमाम भारतीय प्रशंसक काफी खुश हैं।
रिकॉर्ड्स की बात की जाए तो एशिया कप में दोनों टीमों ने कुल 14 मुकाबले खेले हैं और भारत ने 8 में जीत दर्ज की है। पिछले छह मुकाबलों में भारत ने 5 में जीत दर्ज की है। पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ अपना आखिरी एशिया कप मुकाबला 2014 मीरपुर में जीता था।