दिनेश कार्तिक का नाम लेकर खुद को चमकाने में लगे हैं पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम
बाबर आजम जल्द ही वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी घरेलू सीरीज में एक्शन में नजर आएंगे।
अद्यतन - जून 3, 2022 3:21 अपराह्न

भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने हाल ही में पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम की जमकर तारीफ की थी, जिस पर अब स्टार बल्लेबाज ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। आपको बता दें, दिनेश कार्तिक ने बाबर आजम की उत्कृष्ट बल्लेबाजी की सराहना की थी, और साथ ही भविष्यवाणी की थी कि वह आधुनिक युग के सबसे महान खिलाड़ियों में से एक के रूप में अपने करियर का अंत करेंगे।
अनुभवी भारतीय क्रिकेटर दिनेश कार्तिक ने यह भी कहा था कि पाकिस्तान के कप्तान अलग-अलग स्लॉट में बल्लेबाजी करते हुए खेल के सभी प्रारूपों में शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। जिस पर प्रतिक्रिया देते हुए बाबर आजम ने उन सभी कारकों पर प्रकाश डाला, जिनकी उन्हें सभी प्रारूपों में शीर्ष बल्लेबाज बनने के लिए आवश्यकता हैं।
दिनेश कार्तिक के बयान पर बाबर आजम ने दी प्रतिक्रिया
बाबर आजम ने एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा: “एक खिलाड़ी के लिए खेल के सभी प्रारूपों में नंबर 1 खिलाड़ी बनना एक सपना होता है, जिसके लिए आपको अपना ध्यान केंद्रित करना होता है, और साथ ही कड़ी मेहनत भी करनी होती है। मेरा मानना हैं कि यदि आप खेल के किसी एक या दो प्रारूपों में शीर्ष खिलाड़ी हैं, तब भी आप चीजों को हल्के में नहीं ले सकते हैं। अगर आपको खेल के तीनों प्रारूपों में नंबर 1 बल्लेलबाज बनना है, तो आपको खुद को फिट और ट्रैक पर बनाए रखना होगा, तभी आप ये मुकाम हासिल कर सकते हैं।”
उन्होंने आगे कहा: “जैसा कि हम सभी को पता है इस समय अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम बहुत व्यस्त हैं, और हमें गैप बहुत कम मिल रहे हैं, बैक-टू-बैक क्रिकेट खेलना है। इसलिए खिलाड़ियों को अतिरिक्त फिट रहने की जरूरत है। मैं खेल के सभी प्रारूपों में नंबर 1 खिलाड़ी बनने की तैयारी कर रहा हूं। अगर मैं सीमित ओवरों के क्रिकेट में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर पाया, तो उम्मीद है कि मैं टेस्ट क्रिकेट में भी अच्छा प्रदर्शन कर पाऊंगा।”