रवि शास्त्री ने आईपीएल के पहले दिन की यादें ताजा की; बताया किस चीज ने लीग को बनाया खास - क्रिकट्रैकर हिंदी

रवि शास्त्री ने आईपीएल के पहले दिन की यादें ताजा की; बताया किस चीज ने लीग को बनाया खास

रवि शास्त्री ने बताया कि किस चीज ने आईपीएल को क्रिकेट जगत के पावरहाउस में से एक बनाया है।

Ravi Shastri (Image Source: IPL/BCCI)
Ravi Shastri (Image Source: IPL/BCCI)

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) ने आज यानी 18 अप्रैल को 16 साल पूरे कर लिए हैं, और इस खास अवसर पर भारत के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री ने आईपीएल के पहले दिन की यादें ताजा की। आपको बता दें, आईपीएल का पहला मैच कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के बीच 18 अप्रैल 2008 को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला गया था, जिसे KKR ने 140 रनों से जीता था।

स्टार स्पोर्ट्स पर बात करते हुए रवि शास्त्री ने कहा: ‘मुझे वह दिन आज भी बहुत अच्छी तरह याद है। मैं बैकस्टेज पर गवर्निंग काउंसिल के साथ था, इसलिए मुझे पता था कि पर्दे के पीछे क्या हो रहा है। खिलाड़ियों को कैसे साइन किया जा रहा है, और कितना इंट्रेस्ट था। भारत ने 2007 में टी-20 वर्ल्ड कप का पहला संस्करण जीता था, जिसके कारण आईपीएल के लिए जो दिलचस्पी नजर आ रही थी, वह अविश्वसनीय थी।

आईपीएल में क्रिकेट की गुणवत्ता ने इसे दुनिया में फेमस बनाया

एक चीज जो मैंने देखी जो कि खेल के अन्य प्रारूपों में कभी नहीं हुई, वह थी जिस तरह से लोग आईपीएल का सपोर्ट करने आए थे, ऐसा लग रहा था कि पूरा देश RCB vs KKR मैच देखने के लिए एकजुट हुआ था। विज्ञापन उद्योग, क्रिकेट प्रशंसक, बॉलीवुड, कॉलीवुड, टॉलीवुड, हर कोई वहां मौजूद था, और जिस तरह की क्रिकेट खेली गई, उसका कोई जवाब नहीं था।’

पूर्व भारतीय कप्तान ने यह भी बताया कि किस चीज ने आईपीएल को क्रिकेट जगत के पावरहाउस में से एक बनाया है। रवि शास्त्री ने कहा: ‘यदि आप उन सभी खिलाड़ियों को देखें, जिन्होंने इस लीग में भाग लिया, और क्रिकेट की गुणवत्ता इतनी अच्छी थी कि यह चल पड़ा। लेकिन आईपीएल पर अंतिम मुहर तब लगी, जब हम दक्षिण अफ्रीका गए। वहां जाना और यह देखना कि दक्षिण अफ्रीका आईपीएल को भारत की तरह ही दिलचस्पी से देखता है, तो पूरी दुनिया हैरान रह गई, क्योंकि उस समय तक दुनिया भर के लोग टीमों को चुनने लगे थे।

अब आप फुटबॉल में जो देखते हैं, वो चीज आईपीएल में दूसरे सीजन से ही हो चुकी था। EPL वर्षों से चल रहा है, आर्सेनल और मैनचेस्टर यूनाइटेड जैसी टीमें, लेकिन यहां दो साल में आईपीएल में प्रशंसकों ने अपनी टीमें बनाईं – मुंबई इंडियंस, चेन्नई सुपर किंग्स, या रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर।’

close whatsapp