IND vs AUS: भुवनेश्वर कुमार के 19वें ओवर की गेंदबाजी को लेकर सबा करीम ने दिया बड़ा बयान
सबा करीम ने कहा कि, 'अंतिम ओवरों के लिए हमें जल्द से जल्द कोई समाधान निकालना होगा वरना काफी देरी हो जाएगी।'
अद्यतन - सितम्बर 21, 2022 1:43 अपराह्न

20 सितंबर को खेले गए पहले टी-20 मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 4 विकेट से मात दी। इस मुकाबले में भी वही हुआ जो हमने एशिया कप के सुपर 4 में पाकिस्तान के खिलाफ मैच में देखा था। भुवनेश्वर कुमार को 19वां ओवर दिया गया और उन्होंने मुकाबले का रुख विरोधी टीम की ओर मोड़ दिया।
बता दें, ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए आखिरी 2 ओवर में 18 रन की जरूरत थी। भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने अपने सबसे अनुभवी गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को 19वां ओवर दिया और इस ओवर में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने 16 रन जड़ डाले और अपनी टीम को जीत की दहलीज पर लाकर खड़ा कर दिया। ऐसा पहली बार नहीं हुआ है जब भुवनेश्वर कुमार को मुकाबले का सबसे मुख्य ओवर दिया गया हो और उन्होंने इसमें अधिकतर रन ना दिया हो।
एशिया कप के सुपर 4 में पहले पाकिस्तान और फिर श्रीलंका के खिलाफ भी भुवनेश्वर कुमार ने 19वें ओवर में काफी खराब गेंदबाजी की थी। उनकी एक ही गलती को बार-बार दोहराने को लेकर पूर्व भारतीय चयनकर्ता सबा करीम ने बड़ा बयान दिया है।
तीसरी बार भुवनेश्वर कुमार ने यह गलती की है: सबा करीम
इंडिया न्यूज़ में बातचीत के दौरान सबा करीम ने कहा कि, ‘ऐसा तीसरी बार हुआ है जब भुवनेश्वर कुमार को 19वां ओवर दिया गया और उन्होंने इस ओवर में काफी रन दिए। भारत ने 18वें और 19वें ओवर को मिलाकर 38 रन लुटाए। अंतिम ओवरों में जब हमारी टीम दबाव में थी तब वो एकदम से बिखर गई।
हम लोग बुमराह के ऊपर काफी निर्भर हैं लेकिन क्या वो फिट हैं? वो कब अपनी वापसी करेंगे? उनके फॉर्म को अभी भी देखना बचा है।’
हमें इस समस्या का समाधान निकालना होगा: सबा करीम
सबा करीम ने आगे कहा कि, ‘अंतिम ओवरों के लिए हमें जल्द से जल्द कोई समाधान निकालना होगा वरना काफी देरी हो जाएगी। हमने कई प्रयोग किए हैं लेकिन अभी तक उसका कोई अच्छा परिणाम नहीं निकला है। अगर अक्षर पटेल को हटा दिया जाए तो उनके अलावा सभी गेंदबाजों ने खराब गेंदबाजी की है।
हर्षल पटेल ने 3 ओवर अच्छे फेंके लेकिन मैच के 18वें ओवर और अपने चौथे ओवर में महंगे साबित हुए। भारतीय टीम को इस समस्या का समाधान जल्द से जल्द निकालना होगा।’