Asia Cup 2023: रविचंद्रन अश्विन ने तो अभी से ही पाकिस्तान टीम को विजेता घोषित कर दिया है
इस समय एशिया कप 2023 का पहला मुकाबला पाकिस्तान और नेपाल के बीच में खेला जा रहा है।
अद्यतन - Aug 30, 2023 6:27 pm

भारतीय टीम के अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि इस समय खेले जा रहे एशिया कप और वनडे वर्ल्ड कप में पाकिस्तान टीम को हराना इतना आसान नहीं होगा। बता दें, पाकिस्तान ने एशिया कप 2023 के शुरू होने से पहले श्रीलंका में अफगानिस्तान टीम को तीन मुकाबले की वनडे सीरीज में 3-0 से करारी शिकस्त दी थी।
यही नहीं इस वनडे सीरीज के खत्म होने के बाद अब पाकिस्तान ICC वनडे रैंकिंग में पहला स्थान हासिल कर चुका है। लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट में पाकिस्तान टीम का प्रदर्शन पिछले कुछ समय में काफी अच्छा रहा है और रविचंद्रन अश्विन का यही मानना है कि उनको इन दोनों ही बड़े टूर्नामेंट में हराना इतना आसान नहीं होगा।
रविचंद्रन अश्विन ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर कहा कि, ‘अगर बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान लगातार अच्छी बल्लेबाजी करते रहेंगे तो पाकिस्तान टीम को एशिया कप वर्ल्ड कप में हराना बहुत ही मुश्किल है। ऐसा इसलिए भी क्योंकि पाकिस्तान के पास कई शानदार खिलाड़ी हैं। उनकी बल्लेबाजी में भी गहराई है और गेंदबाजों की तो बात ही अलग है।’
पाकिस्तान टीम के तेज गेंदबाजों ने हमेशा ही काफी अच्छा प्रदर्शन किया है: रविचंद्रन अश्विन
अनुभवी भारतीय स्पिनर ने आगे कहा कि, ‘टेप गेंद क्रिकेट की वजह से हमेशा से ही पाकिस्तान टीम के पास काफी अच्छे तेज गेंदबाज रहे हैं। टी-20 लीग में भी उनके खिलाड़ियों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। पाकिस्तान सुपर लीग की वजह से कई युवा खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में काफी अच्छी बल्लेबाजी और गेंदबाजी की है और हाल ही में बिग बैश लीग के ड्राफ्ट में 60-70 खिलाड़ियों को चुना गया है।’
इस समय एशिया कप 2023 का पहला मुकाबला पाकिस्तान और नेपाल के बीच में खेला जा रहा है। एशिया कप 2023 पाकिस्तान और श्रीलंका में खेला जाएगा जबकि वनडे वर्ल्ड कप जिसकी शुरुआत 5 अक्टूबर से हो रही है वो भारत में होगा। अब देखना यह है कि इन दोनों बड़े टूर्नामेंट में कौनसी टीम जीत दर्ज करती है।