एलिसा हेली ने किया बड़ा खुलासा, बताया WPL के पहले सीजन में किस फ्रेंचाइजी से खेलना चाहेंगी - क्रिकट्रैकर हिंदी

एलिसा हेली ने किया बड़ा खुलासा, बताया WPL के पहले सीजन में किस फ्रेंचाइजी से खेलना चाहेंगी

ऑस्ट्रेलिया की अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज एलिसा हेली ने भी इस बात की पुष्टि की है कि वो WPL के पहले संस्करण में खेलती हुई नजर आएंगी।

Australia cricketer Alyssa Healy. (Photo by Hannah Peters/Getty Images)
Australia cricketer Alyssa Healy. (Photo by Hannah Peters/Getty Images)

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने पिछले हफ्ते महिला प्रीमियर लीग के पहले सीजन की फ्रेंचाइजियों का खुलासा किया था। उन्होंने उन लोगों का नाम लिया जिन्होंने बोली लगाकर फ्रेंचाइजी खरीदी। तमाम महिला क्रिकेटरों के लिए यह बहुत ही शानदार टूर्नामेंट होने वाला है। BCCI भी यही दुआ कर रही होगी कि कई अनुभवी और युवा खिलाड़ी इसमें भाग ले और अपने शानदार प्रदर्शन से सभी लोगों का दिल जीत ले।

महिला प्रीमियर लीग के पहले सीजन के लिए बोली प्रक्रिया में पुरुषों का IPL रिकॉर्ड टूट गया क्योंकि इस प्रक्रिया ने कुल 4669.99 करोड़ रुपये की बोली लगी। अहमदाबाद की अडानी स्पोर्ट्सलाइन प्राइवेट लिमिटेड ने सबसे अधिक कीमत की बोली लगाई और अहमदाबाद की टीम को 1289 करोड़ रुपये में खरीदा। इंडियाविन स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड ने मुंबई स्थित फ्रेंचाइजी को 912.99 करोड़ रुपये में खरीदा।

रॉयल चैलेंजर्स स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड ने बैंगलोर स्थित टीम को 901 करोड़ रुपये में खरीदा और जेएसडब्ल्यू जीएमआर क्रिकेट प्राइवेट लिमिटेड ने दिल्ली स्थित फ्रेंचाइजी को 810 करोड़ रुपये में खरीदा, और अंत में कैपरी ग्लोबल होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड ने लखनऊ स्थित फ्रेंचाइजी को 757 करोड़ रुपये में हासिल किया।

तमाम महिला खिलाड़ी इस शानदार टूर्नामेंट के पहले सत्र के लिए काफी उत्साहित हैं। ऑस्ट्रेलिया की अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज एलिसा हेली ने भी इस बात की पुष्टि की है कि वो WPL के पहले संस्करण में खेलती हुई नजर आएंगी। उन्होंने 7 क्रिकेट के साथ एक इंटरव्यू में इस बात की पुष्टि की।

ये रही वीडियो:

वीडियो में एंकर ने हेली से पूछा कि, ‘क्या WPL में आप RCB की टीम में जाना चाहेंगी जैसे आपके पति मिचेल स्टार्क उस फ्रेंचाइजी से खेलते थे या आप किसी दूसरी टीम की ओर से खेलेंगी?’

एलिसा हेली के साथ उनके पति मिचेल स्टार्क भी वहां मौजूद थे। ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर बल्लेबाज ने कहा कि, ‘मुझे रुककर यह देखना होगा की नीलामी के बाद मैं किस टीम में जाऊंगी। लेकिन अगर मैं RCB की ओर से खेलती हूं तो मुझे काफी अच्छा लगेगा।’

ऐसी आशंका लगाई जा रही है कि WPL का पहला सीजन महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2023 के बाद खेला जाएगा। यह शानदार टूर्नामेंट 10 फरवरी से शुरू हो रहा है। WPL का पहला सीजन इसी साल मार्च महीने से शुरू हो सकता है।

close whatsapp