IPL में जल्द खेलते हुए नजर आएंगे इंग्लैंड टेस्ट टीम के पूर्व कप्तान जो रूट - क्रिकट्रैकर हिंदी

IPL में जल्द खेलते हुए नजर आएंगे इंग्लैंड टेस्ट टीम के पूर्व कप्तान जो रूट

इंग्लैंड के पूर्व टेस्ट कप्तान जो रूट ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खेलने की इच्छा व्यक्त की है।

Joe Root (Photo by Gareth Copley/Getty Images)
Joe Root (Photo by Gareth Copley/Getty Images)

इंग्लैंड के पूर्व टेस्ट कप्तान जो रूट ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खेलने की इच्छा व्यक्त की है। बता दें, टीम के खराब प्रदर्शन की वजह से उन्होंने टेस्ट की कप्तानी से इस्तीफा दे दिया था जिसके बाद बेन स्टोक्स को टेस्ट टीम का कप्तान नियुक्त किया गया। बेन स्टोक्स की कप्तानी में टीम ने अभी तक इस प्रारूप में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है।

बता दें, जो रूट ने अभी तक किसी भी IPL संस्करण में एक भी मैच नहीं खेला है। जो रूट इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाजों में से एक हैं। उन्होंने सिर्फ टेस्ट प्रारूप में ही नहीं बल्कि लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट में भी टीम की ओर से काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। रूट ने इंग्लैंड की ओर से 32 टी-20 मुकाबलों में 35.72 के औसत और 126.31 के स्ट्राइक रेट से 893 रन बनाए हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर 90 रन है।

डेलीमेल.को.यूके के मुताबिक इंग्लैंड के पूर्व टेस्ट कप्तान जो रूट ने कहा कि, ‘IPL में मैं खेलने की सोच रहा हूं। मुझे इस टूर्नामेंट में अच्छे एक्सपोजर मिलने की उम्मीद है। अगर मुझे इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में शामिल होने का अवसर मिलता है तो यह मेरे लिए काफी गर्व की बात होगी।’

मैं टी-20 प्रारूप को और अच्छी तरह से जानना चाहता हूं: जो रूट

जो रूट ने आगे कहा कि, ‘ मेरे दिमाग में ऐसा कुछ भी नहीं चल रहा है कि मुझे किसी प्रारूप से संन्यास ले लेना चाहिए या उस प्रारूप में कुछ ही मुकाबले खेलने चाहिए। अब जब मेरे ऊपर से कप्तानी का बोझ हट गया है तो मैं थोड़ा और खुलकर खेल सकता हूं। मुझे हमेशा टी-20 में बाहर बैठा दिया जाता था और मुझे ऐसा लगता था कि मैं इस प्रारूप के लिए नहीं बना हूं क्योंकि मैंने ज्यादा मुकाबले टी-20 में नहीं खेले थे।

आपको हमेशा ऐसा लगता है कि आप किसी चीज में थोड़ा पीछे रह गए हैं। अब आने वाले 2 से 3 साल मैं खुद को दूंगा और अपने बारे में अच्छी तरह से समझूंगा। मुझे टी-20 के बारे में ज्यादा से ज्यादा चीज़ें समझनी है।’

close whatsapp