आईपीएल 2023: हरभजन सिंह ने डेविड वार्नर को बताया अपनी ही टीम का दुश्मन!
डेविड वार्नर ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपने आईपीएल करियर का 58वां अर्धशतक लगाया।
अद्यतन - Apr 12, 2023 7:22 pm

दिल्ली कैपिटल्स (DC) के कप्तान डेविड वार्नर जारी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2023 में रन जरूर बना रहे हैं, लेकिन वह दिन प्रति दिन आलोचना का शिकार हो रहे है, और इसका कारण उनका स्ट्राइक रेट है।
ऑस्ट्रेलिया के आक्रामक सलामी बल्लेबाज एक बार फिर आलोचकों के निशाने पर आ गए हैं, क्योंकि उन्होंने एक बार फिर धीमी पारी खेली और उनकी टीम को जारी आईपीएल 2023 में एक और शिकस्त झेलनी पड़ी। दरअसल, डेविड वार्नर ने 11 अप्रैल को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए जारी आईपीएल 2023 के 16वें मैच में 48 गेंदों में 51 रनों की पारी खेली, जिसके कारण एक बार फिर उनकी स्ट्राइक रेट चर्चा में आ गई है।
डेविड वार्नर की स्ट्राइक रेट फिर आई चर्चा में
मुंबई इंडियंस (MI) ने इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स (DC) को छह विकेट से रौंदा। इसके अलावा, जब मुंबई इंडियंस (MI) को आखिरी गेंद में दो रन चाहिए थे, वार्नर ने थ्रो मिस कर दिया, जिसके बाद कैमरन ग्रीन और टिम डेविड ने दौड़ लगाकर दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ मुंबई को रोमांचक जीत दिला दी। आपको बता दें, 36-वर्षीय ऑस्ट्रेलियाई स्टार ने जारी आईपीएल 2023 में चार मैचों में 52 के औसत से 209 रन बनाए हैं, लेकिन उनकी स्ट्राइक रेट 114.84 है।
इस बीच, मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ डेविड वार्नर की पारी के बारे में बात करते हुए पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर हरभजन सिंह ने कहा उन्हें ऐसा लग रहा है जैसे दिल्ली कैपिटल्स (DC) के कप्तान अपनी खुद की टीम के खिलाफ खेल रहे हैं।
हरभजन सिंह ने स्टार स्पोर्ट्स पर कहा: ‘ऐसे रन बनाने का क्या मतलब है। डेविड वार्नर को तेजी से रन बनाने की जरूरत है। ऐसा लगता है कि वह अपनी ही टीम के खिलाफ खेल रहे हैं। इसके अलावा, मुझे यह भी लगता है कि उन्होंने फील्डिंग को लेकर जो कुछ भी कहा है, वो सरासर एक बहाना है। किसी के भी पास गेंद को पकड़ते और फेंकते समय सोचने के लिए इतना समय नहीं होता है।’