‘मैंने कभी ऐसा अनुभव नहीं किया’ जारी IPL में इम्पैक्ट प्लेयर की वजह से गेंदबाजों के लिए चिंतित हैं विराट कोहली
आईपीएल 2024 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं विराट कोहली
अद्यतन - मई 18, 2024 2:37 अपराह्न

जारी आईपीएल में राॅयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने इम्पैक्ट प्लेयर नियम को लेकर अपनी राय रखी है। कोहली का मानना है कि आईपीएल में इस नए नियम की वजह से गेंदबाज खुद को असहाय महसूस कर रहे हैं।
साथ ही कोहली का कहना है कि इम्पैक्ट प्लेयर नियम की वजह से टीमों के पास एक अतिरिक्त बल्लेबाज आ जाता है, जिसके बाद वह मैच में प्रभाव डाल सकता है। एक अतिरिक्त बल्लेबाज के आने से खिलाड़ियों को लगता है उनकी द्वारा फेंकी गई हर गेंद चौके या छक्के के लिए जाएगी।
विराट कोहली ने इम्पैक्ट प्लेयर नियम को लेकर रखी अपनी राय
बता दें कि हाल में ही जियो सिनेमा के साथ एक इंटरव्यू में विराट कोहली ने कहा- मैं इस मामले पर रोहित शर्मा से सहमत हूं। आप देखिये इस आईपीएल में मनोरंजन तो एक तरफ है लेकिन गेंदबाज पूरी तरह से बेबस हो गये हैं।
कोहली ने आगे कहा- मैंने इससे पहले कभी ऐसा अनुभव नहीं किया जहां गेंदबाजों को लगे कि हर गेंद चार या छह रन के लिए जा सकती है। यह क्रिकेट के बहुत ऊंचे स्तर की तरह है। मेरी राय में, इसे (इम्पैक्ट प्लेयर नियम) इतना प्रभावशाली नहीं होना चाहिए। बल्ले और गेंद के बीच बराबरी की लड़ाई होना ही क्रिकेट की खूबसूरती है।
दूसरी ओर, आपको विराट कोहली की टीम आरसीबी के बारे में जानकारी दें, तो आज 18 मई को उन्हें प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण मैच चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेलना है। बता दें कि दोनों टीमों के बीच यह मैच चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा।
जो भी टीम इस मैच में जीत हासिल करेगी, वह टूर्नामेंट के प्लेऑफ में जगह बनाने वाली कुल चौथी टीम बन जाएगी। हालांकि, आरसीबी को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए कम से कम 18 रन से जीत या मिले टारगेट को 18वें ओवर तक चेज करना होगा।