वीडियो: इस तरह की गेंदबाजी तो शायद वसीम अकरम ने भी नहीं की होगी!
सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है इस गेंदबाज का वीडियो।
अद्यतन - मई 24, 2022 7:16 अपराह्न
वैसे तो हर दिन सोशल मीडिया पर कोई न कोई वीडियो वायरल होता रहता है लेकिन इस समय एक ऐसा वीडियो फैंस का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है जो एक इंग्लिश क्लब क्रिकेटर का है। जी हां, जहां इंग्लैंड की टीम एक तरफ न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने जा रही है। वहीं, इस वक्त इंग्लैंड में क्लब क्रिकेट भी जोरों पर खेला जा रहा है।
इंग्लैंड के क्लब क्रिकेट में रोज कुछ न कुछ ऐसा होता रहता है जो फैंस का ध्यान अपनी ओर खींच लेता है। इसी कड़ी में सोशल मीडिया पर क्लब क्रिकेट का एक वीडियो सामने आया है। वायरल हो रहे इस वीडियो में गेंदबाज की स्विंग न सिर्फ बल्लेबाज के होश उड़ा देती है बल्कि फैंस भी उसे देखकर हैरान और परेशान नजर आ रहे हैं।
यह वीडियो दाएं हाथ के तेज गेंदबाज जे हैंडी का है जो मिल्डेनहॉल क्लब के लिए खेल रहे हैं। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक गेंद अचानक इतनी ज्यादा स्विंग करती है कि ऑफ स्टंप से अपना एंगल बदल लेती है और सीधे स्टंप से टकरा जाती है। हालांकि, बल्लेबाज को लगता है कि गेंद ऑफ स्टंप से काफी बाहर जाएगी और इसी चक्कर में वह गेंद को छोड़ देता है, लेकिन यहां वो आउट हो जाता है।
यहां देखिए जे हैंडी की गेंदबाजी का वो वीडियो
My goodness gracious what is this delivery 🤯
📹 @cricketdistrict pic.twitter.com/QvIVbRYoYp
— England’s Barmy Army (@TheBarmyArmy) May 23, 2022
सोशल मीडिया पर जब भी ऐसा कोई वीडियो वायरल होता है तो महान स्पिनर शेन वार्न की गेंद जिस पर उन्होंने इंग्लैंड के बल्लेबाज माइक गैटिंग को बोल्ड किया उसकी यादें फैंस के दिलों में ताजा हो जाती हैं। शेन वॉर्न की उस गेंद को आज भी सदी की सर्वश्रेष्ठ गेंद कहा जाता है। वॉर्न की वो गेंद करीब 90 डिग्री घूमी थी और इस गेंद ने दिग्गजों समेत फैंस के होश उड़ा दिए थे।
इस चौंकाने वाली गेंद को देखकर इंग्लैंड की महिला क्रिकेटर डेनियल वॉट ने भी अपना रिएक्शन दिया है। वॉट ट्वीट करते हुए इमोजी शेयर करती हैं, वहीं सोशल मीडिया पर इस गेंद की खूब तारीफ हो रही है।