जसप्रीत बुमराह को लेकर क्या फिर से BCCI कर रही जल्दबाजी, अचानक से टीम इंडिया में करवा दी एंट्री - क्रिकट्रैकर हिंदी

जसप्रीत बुमराह को लेकर क्या फिर से BCCI कर रही जल्दबाजी, अचानक से टीम इंडिया में करवा दी एंट्री

वनडे सीरीज 10 जनवरी से शुरू होगी।

Jasprit Bumrah (Image Source: BCCI Twitter)
Jasprit Bumrah (Image Source: BCCI Twitter)

अखिल भारतीय सीनियर चयन समिति ने तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को श्रीलंका के खिलाफ होने वाली तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय वनडे टीम में शामिल किया है। बता दें, वनडे सीरीज 10 जनवरी से शुरू होगी।

जसप्रीत बुमराह पीठ की चोट की वजह से पिछले काफी समय से भारतीय टीम से बाहर रहे हैं। पिछले साल हुए एशिया कप 2022 में भी वो प्रतिभाग नहीं कर पाए थे। इसके बाद उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुई सीरीज में तो शामिल किया गया लेकिन इसी चोट की वजह से उनका नाम टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से भी बाहर कर दिया गया।

जसप्रीत बुमराह के ना होने की वजह से भारतीय टीम ना तो एशिया कप 2022 को अपने नाम कर पाई और ना ही टी-20 वर्ल्ड कप में अच्छा प्रदर्शन कर पाई। इस शानदार टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में टीम को इंग्लैंड ने 10 विकेट से मात दी। भारतीय टीम का कोई भी खिलाड़ी इंग्लैंड का एक विकेट भी नहीं चटका पाया। चोटिल होने के बाद जसप्रीत बुमराह को रिहैबिलिटेशन के लिए जाना पड़ा और अब नेशनल क्रिकेट अकादमी (NCA) ने उन्हें फिट घोषित कर दिया है। वो बहुत जल्द भारतीय टीम में जबरदस्त वापसी करेंगे।

आज से शुरू हो रहा श्रीलंका का भारतीय दौरा:

बता दें, आज यानी 3 जनवरी से भारत और श्रीलंका के बीच तीन मुकाबलों की टी-20 सीरीज शुरू हो रही है। दोनों टीमों के बीच पहला टी-20 मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। बता दें, श्रीलंका के खिलाफ टी-20 सीरीज में रोहित शर्मा विराट कोहली और केएल राहुल को आराम दिया गया है इन तीनों ही खिलाड़ियों की वापसी वनडे सीरीज में होगी। टी-20 सीरीज में भारतीय टीम की कप्तानी हार्दिक पांड्या करेंगे जबकि वनडे सीरीज की कप्तानी रोहित शर्मा को सौंपी गई है।

हाल ही में संपन्न हुए बांग्लादेश दौरे में भारतीय टीम का प्रदर्शन इतना अच्छा नहीं रहा था। भले ही उन्होंने दो मुकाबलों की टेस्ट सीरीज को 2-0 से अपने नाम किया हो लेकिन तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज को वो अपने नाम नहीं कर पाए।

श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए ये रही नवीनतम भारतीय टीम:

रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या (उप-कप्तान), वाशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, मो. सिराज, उमरान मलिक, अर्शदीप सिंह

close whatsapp