आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2022 से भारतीय टीम के बाहर होने के बाद कप्तान मिताली राज ने किया खुलासा, टीम में थी इस गेंदबाज की कमी
साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार के साथ भारतीय महिला टीम का वनडे वर्ल्ड कप 2022 में सफर भी समाप्त हो गया।
अद्यतन - मार्च 27, 2022 8:47 अपराह्न

महिला वनडे वर्ल्ड कप 2022 के आखिरी लीग मुकाबले में भारतीय टीम को सेमी-फाइनल में पहुंचने के लिए इस मैच में जीत हासिल करना बेहद जरूरी था। लेकिन टीम को साउथ अफ्रीका महिला टीम के खिलाफ मैच में करीबी हार का सामना करना पड़ा और इसी के साथ उसका वर्ल्ड कप में सफर भी समाप्त हो गया। हालांकि भारतीय बल्लेबाजों ने टीम को एक शानदार शुरुआत दी थी लेकिन भारतीय गेंदबाज साउथ अफ्रीका के बल्लेबाजों को रोकने में कामयाब नहीं हो सके। साउथ अफ्रीका ने अंत में इस मैच को 3 विकेट से जीत लिया।
भारतीय कप्तान मिताली राज ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ हारने के बाद भारतीय टीम के गेंदबाजी क्रम को लेकर प्रातक्रिया दी। जिसमें मिताली राज को टीम में शानदार गेंदबाज झूलन गोस्वामी की कमी खली है। उनका मानना है कि टीम में जो गेंदबाज थे उसको देखते हुए 274 रन एक अच्छा स्कोर था। उन्होंने कहा कि अगर झूलन टीम में होती तो यह काफी अच्छा होता।
“मुझे लगता है हमने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया है”- मिताली राज
मैच के बाद मिताली ने कहा “हमने एक टीम के तौर पर अपना सर्वश्रेष्ठ दिया है। यह दोनों टीमों के लिए एक शानदार मैच था लेकिन अब हमारा सफर समाप्त हो चुका है। हमारी टीम के पास जिस तरह के गेंदबाज थे या वह जिस तरह से अपना प्रदर्शन कर रहे थे मुझे लगता है 274 एक अच्छा स्कोर था।”
उन्होंने झूलन गोस्वामी को लेकर कहा “अगर वह टीम में होती तो अनुभव काफी अच्छा होता। लेकिन बाकी गेंदबाजों के लिए भी इस मैच के रूप में एक मौका था। वर्ल्ड कप में हमारा सफर यहीं तक था। सभी प्रशंसकों ने हमारा भरपूर समर्थन किया इसके लिए सभी को धन्यवाद। हम चाहते वह आगे भी ऐसा समर्थन करते रहें।”
आपको बता दें, साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिताली राज ने अपनी टीम के लिए 84 गेंदों में 8 चौकों की मदद से 68 रनों की शानदार पारी खेली। उनके अलावा स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने भी टीम के लिए शानदार अर्धशतकीय पारी खेली लेकिन टीम मैच नहीं जीत सकी और सेमी-फाइनल में जगह बनाने में नाकाम रही।